विगत वर्ष से सबक लें, आमजन को नहीं हो परेशानी - नीतीश मिश्रा
*o विगत वर्ष से सबक लें, आमजन को नहीं हो परेशानी*
*- नीतीश मिश्रा*
*पटना, दिनांक 14 मई, 2026*
मंत्री, नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार, श्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि विगत वर्षों में मॉनसून एवं अत्यधिक वर्षा के दौरान उत्पन्न जलजमाव एवं जल निकासी से संबंधित समस्याओं, लंबित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा इस वर्ष मॉनसून पूर्व तैयारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, निर्माणाधीन ड्रेनेज कार्यों के कारण संभावित अवरोधों को रोकने तथा तात्कालिक जलजमाव की स्थिति से निपटने हेतु ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मंत्री श्री नीतीश मिश्रा ने निर्देश दिया कि विगत वर्षों से सबक लेते हुए मॉनसून के दौरान उत्पन्न चुनौतियों का समग्र आकलन करते हुए समस्याओं की समय रहते पहचान कर उनके प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से नालों की नियमित सफाई पर बल देते हुए कहा कि इसके लिए आवश्यक आधुनिक मशीनरी, उन्नत उपकरणों एवं संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मॉनसून पूर्व सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।
उन्होनें मॉनसून के मद्देनजर राज्य के सभी नगर निकायों को जल जमाव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु व्यापक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी बड़े -छोटे एवं अंडरग्राउंड नालों, कैचपिट तथा मेनहोल की सफाई का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा मॉनसून अवधि में इन्हें पूर्णतः क्रियाशील अवस्था में रखा जाए। जल निकासी में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों को अतिक्रमणमुक्त करने तथा Missing Link वाले क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार कच्चे नालों के माध्यम से इंटर कनेक्टिविटी स्थापित कर जल निकासी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
मंत्री ने नगर निकाय क्षेत्रों में स्थापित ड्रेनेज सिस्टम को पूरी क्षमता के साथ कार्यरत रखने, आवश्यकता पड़ने पर उच्च क्षमता वाले पम्प की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जल जमाव की स्थिति में त्वरित निकासी के लिए सभी आवश्यक संसाधनों को तैयार अवस्था में रखने पर बल देते हुए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया।
श्री मिश्रा ने कहा कि मॉनसून अवधि में संक्रामक रोगों एवं मच्छरों के बढ़ते खतरे को देखते हुए नियमित रूप से ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव, टेक्निकल मालाथिआन की फॉगिंग एवं Larvicidal का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आधारभूत संरचना निर्माण के दौरान खोदे गए गड्ढों को अविलंब भरने अथवा बैरिकेडिंग करने तथा किसी भी परिस्थिति में मेनहोल को खुला नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया।
मंत्री ने सभी नगर निकायों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अलर्ट मोड में रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों को मॉनसून अवधि में नियमित समीक्षा बैठक कर जल जमाव नियंत्रण एवं सामान्य जन-जीवन बनाए रखने हेतु सभी निर्देशों के प्रभावी अनुश्रवण के लिए भी निर्देशित किया।
0 Response to "विगत वर्ष से सबक लें, आमजन को नहीं हो परेशानी - नीतीश मिश्रा"
एक टिप्पणी भेजें