शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पदभार ग्रहण कर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए
पटना, दिनांक 08 मई 2026
माननीय शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आज शिक्षा विभाग में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की तथा शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुख बनाने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
बैठक में माननीय मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समयबद्ध एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर से लेकर जिला स्तर तक शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत किया जाए तथा शिक्षकों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो।
माननीय मंत्री ने विभाग में एक सशक्त सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने का निर्देश देते हुए कहा कि आमजन एवं शिक्षकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो।
उन्होंने अधिकारियों को शिक्षा विभाग के कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय मिलना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
माननीय मंत्री ने शिकायतों के त्वरित निवारण हेतु एक टोल फ्री नंबर जारी करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा अपर मुख्य सचिव स्तर से लेकर मंत्री स्तर तक की जाए तथा प्रत्येक शिकायत का समाधान एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे सकारात्मक एवं जनहितकारी कार्यों को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुँचाया जाए, ताकि लोगों में विभाग के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो।
माननीय मंत्री ने अधिकारियों से संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि विभाग की कार्यशैली में ऐसा सकारात्मक परिवर्तन दिखना चाहिए, जिसका प्रत्यक्ष लाभ आमजन एवं शिक्षकों को महसूस हो।
बैठक में अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर, प्राथमिक शिक्षा निदेशक श्री विक्रम विरकर, निदेशक प्रशासन श्री मनोरंजन कुमार सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
0 Response to " शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पदभार ग्रहण कर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए"
एक टिप्पणी भेजें