विगत वर्ष के अनुभवों के आधार पर चुनौतियों के त्वरित समाधान के निर्देश

विगत वर्ष के अनुभवों के आधार पर चुनौतियों के त्वरित समाधान के निर्देश

o *आधुनिक मशीनरी से सुदृढ़ होगी नगर निकायों की सफाई व्यवस्था*
o *मानसून एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश*
                                                           *- नीतीश मिश्रा*
*पटना, दिनांक 11 मई 2026:*

माननीय मंत्री, नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार, श्री नीतीश मिश्रा ने आज विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। इस अवसर पर विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार भी उपस्थित रहे।
माननीय मंत्री ने निर्देश दिया कि विगत वर्ष के अनुभवों एवं चुनौतियों का समग्र आकलन करते हुए विभाग के समक्ष मौजूद समस्याओं की शीघ्र पहचान कर उनके प्रभावी, व्यावहारिक एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से नालों की नियमित सफाई पर बल देते हुए कहा कि इसके लिए आवश्यक नई मशीनरी, आधुनिक उपकरण एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होनें जिलों एवं नगर निकायों से समन्वय स्थापित कर आवश्यकता आधारित प्रस्ताव शीघ्र प्राप्त करने का निर्देश भी दिया।

बैठक के दौरान माननीय मंत्री ने विभाग की संस्थागत संरचना को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

माननीय मंत्री ने आगामी मानसून को देखते हुए नगर निकायों की तैयारियों की विशेष समीक्षा की। उन्होंने सभी नगर निगमों एवं नगर निकायों को जलजमाव, जल निकासी एवं अन्य संभावित आपदा परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय स्थापित कर कार्य करें।

बैठक में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी  समीक्षा की । इसके अतिरिक्त लेगेसी अपशिष्ट प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा तरल अपशिष्ट प्रबंधन योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होनें स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित शहरी वातावरण सुनिश्चित करने के लिए अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा।
श्री मिश्रा ने नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत सीवरेज प्रणाली से जुड़ी अवसंरचना परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके।

बैठक में विभाग के सचिव श्री संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, विशेष सचिव श्री राजीव कुमार श्रीवास्तव, अपर सचिव श्री विजय प्रकाश मीणा, पटना नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

0 Response to "विगत वर्ष के अनुभवों के आधार पर चुनौतियों के त्वरित समाधान के निर्देश"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article