जनगणना–2027 के प्रथम चरण हेतु जिला स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ

जनगणना–2027 के प्रथम चरण हेतु जिला स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ

पटना, दिनांक 11.03.2026  : जनगणना–2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन, पटना द्वारा जिला स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त श्री श्रीकांत कुण्डलिक खांडेकर के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर उप विकास आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार विभिन्न विकास योजनाओं का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि जनगणना–2027 का प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी चरण में सभी आवासीय एवं गैर-आवासीय भवनों की विस्तृत जानकारी एकत्रित की जाती है। इससे देश की सामाजिक, आर्थिक एवं भौगोलिक स्थिति का वास्तविक आकलन संभव हो पाता है।

उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण के दौरान दी जाने वाली सभी जानकारियों को गंभीरता से ग्रहण करें और अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्य को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही से आंकड़ों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जनगणना–2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण की प्रक्रिया, मकानों के प्रकार, भवनों की श्रेणियां, आवासीय एवं गैर-आवासीय इकाइयों की पहचान, तथा आंकड़ों के संकलन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को फील्ड में कार्य करते समय आने वाली संभावित चुनौतियों तथा उनके समाधान के बारे में भी विस्तार से बताया जाएगा।
इस अवसर पर बताया गया कि जनगणना के इस चरण के अंतर्गत प्रत्येक घर, भवन एवं परिसर का सूचीकरण किया जाएगा तथा उनसे संबंधित आवश्यक सूचनाएं निर्धारित प्रारूप में संकलित की जाएंगी। यह प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से संचालित की जाएगी, ताकि प्राप्त आंकड़े सटीक और विश्वसनीय हों। विदित हो कि  जनगणना–2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) की प्रक्रिया दिनांक 02.05 .2026 से 31.05 2026 तक निर्धारित है।  

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना हेतु गठित जिला समन्वय समिति के सभी सदस्य , जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पटना के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर निकायों के सभी कार्यपालक पदाधिकारी तथा सभी सहायक चार्ज पदाधिकारी प्रशिक्षणार्थी के रूप में उपस्थित थे। प्रशिक्षण में उन्हें जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों, प्रपत्रों के उपयोग, डेटा संकलन की पद्धति तथा कार्य की निगरानी एवं पर्यवेक्षण से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार एवं जिला स्तरीय विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से जनगणना कार्य की रूपरेखा, प्रक्रियाएं तथा कार्यान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को विस्तार से समझाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कर सकें।


अपर जिला जनगणना अधिकारी -सह- जिला योजना पदाधिकारी श्री विदुर भारती द्वारा इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को जनगणना की तैयारी के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण पहल बताया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिन जनगणना के महत्व उसके इतिहास एवं जनगणना अंतर्गत प्रचलित शब्दावलीयो के संबंध में विस्तार से बताया गया ।  जनगणना के निष्पादन हेतु  निर्दिष्ट पोर्टल के संबंध में सभी प्रतिभागियों को जानकारी दी गई । प्रशिक्षण के दौरान जनगणना 2027 के विभिन्न चरणों, प्रक्रियाओं एवं दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई तथा पदाधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव के आधार पर जिले में जनगणना–2027 के प्रथम चरण का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक सूचनाओं का संकलन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से सभी संबंधित अधिकारियों को जनगणना कार्य के प्रति पूरी तरह सक्षम एवं जागरूक बनाया जाए, ताकि आगामी जनगणना–2027 का प्रथम चरण सुचारू रूप से संपन्न हो सके। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित सभी आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं से अवगत कराया जाएगा।

0 Response to "जनगणना–2027 के प्रथम चरण हेतु जिला स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article