सहकारी मॉडल पर सकरी और रैयाम में स्थापित होंगी चीनी मिलें
*विकास आयुक्त की अध्यक्षता में NFCSF और इंडियन पोटाश लिमिटेड के साथ उच्चस्तरीय बैठक*
पटना, 11 फरवरी 2026
राज्य में बंद चीनी मिलों के पुनरुद्धार तथा नई चीनी मिलों की स्थापना के संबंध में विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड (NFCSF) एवं इंडियन पोटाश लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ-साथ गन्ना उद्योग विभाग और सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। सहकारी मॉडल के माध्यम से राज्य के गन्ना किसानों और उद्यमियों के हित में नई चीनी मिलें स्थापित करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में NFCSF के प्रबंध निदेशक ने बिहार सरकार द्वारा चीनी उद्योग के पुनरुद्धार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते आश्वासन दिया कि राज्य में चीनी मिल स्थापित करने हेतु पूरा सहयोग करेंगे । उन्होंने कहा कि NFCSF राज्य सरकार के सहयोग से शीघ्र ही डीपीआर प्रस्तुत करेगा। वहीं इंडियन पोटास लिमिटेड के क्षेत्रीय प्रबंधक ने सहकारी-सह-निजी (कोऑपरेटिव-कम-प्राइवेट) मॉडल के तहत चीनी मिलों की स्थापना का प्रस्ताव रखा।
*सकरी–रैयाम में सहकारी चीनी मिलों की स्थापना की प्रक्रिया तेज*
बैठक के दौरान विकास आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सकरी (मधुबनी) एवं रैयाम (दरभंगा) में सहकारी मॉडल पर चीनी मिलों की स्थापना की प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए त्वरित गति से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने सहकारिता विभाग के सचिव को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए।
बैठक में बसंतकालीन एवं शरदकालीन बुआई सत्र में गन्ना उत्पादन बढ़ाने की रणनीति तथा वर्षा ऋतु के दौरान जल-जमाव की समस्या के समाधान पर भी गंभीर चर्चा हुई, ताकि प्रस्तावित चीनी मिलों के लिए पर्याप्त गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। बैठक में गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री के. सेंथिल कुमार, योजना एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव श्री मयंक वरवडे, सहकारिता विभाग के सचिव श्री धर्मेंद्र सिंह, लघु जल संसाधन विभाग के सचिव श्री बी. कार्तिकेय धनजी, गन्ना आयुक्त श्री अनिल कुमार झा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
0 Response to "सहकारी मॉडल पर सकरी और रैयाम में स्थापित होंगी चीनी मिलें"
एक टिप्पणी भेजें