दमन, दीव और दादरा एवं नगर हवेली में भाजपा के क्लीन स्वीप पर बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दी कार्यकर्ताओं को बधाई
*बिहार विधानसभा चुनाव में भी ऐसा ही रुझान: डॉ. दिलीप जायसवाल*
*पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा सफलता के ऊंचे पायदान पर पहुंची: डॉ. दिलीप जायसवाल*
पटना, 8 नवंबर। बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दमन, दीव और दादरा एवं नगर हवेली में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा के सभी प्रमुख स्थानीय निकायों में भारी बहुमत हासिल करते हुए क्लीन स्वीप करने पर वहां के पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा सफलता के ऊंचे पायदान पर पहुंच चुकी है। स्थानीय निकायों से लेकर संसद तक भाजपा परचम लहरा रही है।
उन्होंने कहा कि दमन जिला पंचायत की 16 में से 15 सीटें, नगर परिषद की 15 में से 14 सीटें और सरपंच के 16 में से 15 पद भाजपा ने जीते। दीव जिले में, भाजपा ने जिला पंचायत की सभी 8 सीटें जीतकर शानदार जीत हासिल की। दादरा एवं नगर हवेली जिले में, पार्टी ने अपना दबदबा कायम रखते हुए जिला पंचायत की 26 में से 24 सीटें और नगर परिषद की सभी 15 सीटें जीती हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने दावा करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के बाद और दूसरे चरण को लेकर लोगों के निर्णयों से यह साफ है कि बिहार में भी 14 नवंबर की सुबह ऐसा ही रुझान देखने को मिलेगा। एनडीए दो तिहाई बहुमत से जीत दर्ज कर सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने विकास के साथ चलने का मन बना लिया है। प्रथम चरण के मतदान में यहां के लोगों ने संदेश दे दिया है।
0 Response to "दमन, दीव और दादरा एवं नगर हवेली में भाजपा के क्लीन स्वीप पर बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दी कार्यकर्ताओं को बधाई"
एक टिप्पणी भेजें