जननायक कर्पूरी ठाकुर की उपाधि चोरी करने वाले कांग्रेस-आरजेडी दलितों-पिछडों के राजनीतिक दुश्मन - जद (यू)
पटना 26 सितंबर 2025
जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम, प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार एवं मीडिया पैनलिस्ट डाॅ0 मधुरेंदु पांडेय ने कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा प्रहार करते हुए उन्हें ‘उपाधि चोर’ करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के सम्मान को हडपने की नाकाम कोशिश की है। चुनावी मौसम में खुद को अति पिछडा समाज का हितैषी बताने का दिखावा करने वाले ये दोनों नेता कभी सफल नहीं होंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता इन्हें करारा राजनीतिक सबक सिखाएगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रवक्ताओं ने कहा कि उसका इतिहास दलितों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों को दबाने का रहा है। काका कालेलकर आयोग और मंडल आयोग की रिपोर्ट को कांग्रेस ने वर्षों तक दबाकर रखा, जिससे वंचित वर्ग अपने संवैधानिक हक से वंचित रह गया। यहां तक कि 2011 की जनगणना के दौरान दलित समुदाय से जुडा डाटा जुटाने के बाद भी कांग्रेस ने उसे सार्वजनिक नहीं किया और लोगों को लगातार ठगने का काम किया। यही नहीं, कांग्रेस सरकार के समय केंद्रीय भर्तियों में आरक्षित सीटों को भी भरा नहीं गया, जिससे दलितों और पिछडों को शिक्षा, रोजगार और प्रतिनिधित्व से दूर रखा गया। कांग्रेस की पुरानी आदत रही है कि चुनाव आते ही वह वादों की बरसात करती है और सत्ता में आते ही उन्हीं वादों का गला घोंट देती है। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब डाॅ0 भीमराव अंबेडकर का अपमान किया और उन्हें चुनाव में हराने की साजिश रची।
पचपन वर्षों तक केंद्र की सत्ता पर काबिज रहने के बावजूद कांग्रेस ने पिछडों को केंद्रीय सेवाओं में आरक्षण नहीं दिया। क्या राहुल गांधी इस ऐतिहासिक अन्याय का जवाब देंगे और बताएंगे कि लाखों पिछडे युवाओं को आईएएस, आईपीएस और अन्य केंद्रीय सेवाओं से क्यों वंचित रखा गया? लालू प्रसाद यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कर्पूरी ठाकुर द्वारा दिए गए अति पिछडों के आरक्षण को खत्म करने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय नीतीश कुमार ने इसका सख्त विरोध किया। नीतीश कुमार के प्रयासों और विरोध के कारण ही लालू प्रसाद यादव अपनी मंशा को पूरा नहीं कर पाए।
उन्होंने कहा कि यदि कर्पूरी ठाकुर के सपनों को किसी ने सही मायनों में साकार किया है, तो वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। पंचायती राज और नगर निकाय में अति पिछडों, दलितों और महिलाओं को आरक्षण देकर उन्होंने सामाजिक न्याय की नींव मजबूत की है। शराबबंदी जैसे सामाजिक अभियान को लागू कर उन्होंने समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में ठोस कदम उठाया है।
कांग्रेस और आरजेडी की राजनीति अवसरवादिता से भरी है, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही सच्चे अर्थों में जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों और सपनों को पूरा कर रहे हैं।
0 Response to "जननायक कर्पूरी ठाकुर की उपाधि चोरी करने वाले कांग्रेस-आरजेडी दलितों-पिछडों के राजनीतिक दुश्मन - जद (यू)"
एक टिप्पणी भेजें