विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ राज्यस्तरीय बैठक, 90.64 प्रतिशत निर्वाचकों से प्राप्त हुए गणना प्रपत्र
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के तहत शनिवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार द्वारा राज्य मुख्यालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यक्रम और अब तक की प्रगति की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य में कुल निर्वाचकों की संख्या 7.89 करोड़ से अधिक है, जिनमें से अब तक 90.64 प्रतिशत से गणना प्रपत्र प्राप्त किए जा चुके हैं, जबकि 88.25 प्रतिशत फॉर्म का डिजीटली अपलोड किया जा चुका है। उन्होंने जिलावार प्रगति रिपोर्ट राजनीतिक दलों को सौंपते हुए शेष बचे मतदाताओं से फॉर्म भरवाने में सहयोग की अपील की।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिला और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्तर पर राजनीतिक दलों को उन मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिनसे अब तक फॉर्म नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने दलों से आग्रह किया कि वे भी अपने स्तर पर ऐसे मतदाताओं की पहचान कर उन्हें जागरूक करें।
बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बी०एल०ए० (Booth Level Agent) की नियुक्ति जरूरी है, जो बी०एल०ओ० के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगा। भारत निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि एक बी०एल०ए० प्रतिदिन अधिकतम 50 फॉर्म जमा कर सकता है।
शहरी क्षेत्रों में गणना प्रपत्र वितरण को लेकर बताया गया कि प्रत्येक वार्ड में बी०एल०ओ०, सुपरवाइजर, टैक्स कलेक्टर एवं नगर निकाय कर्मियों के सहयोग से घर-घर जाकर पहले से भरे हुए (Pre-filled) और सादा (Blank) फॉर्म वितरित किए जा रहे हैं। इस कार्य में लगभग चार लाख स्वयंसेवकों की भी मदद ली जा रही है।
बैठक में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि अब तक राज्य में 12,817 नए मतदान केंद्र बनाए गए है, जिससे कुल संख्या बढ़कर 90.712 हो गई है। इनमें से 12.479 केंद्र उसी भवन परिसर में स्थापित किए गए हैं जबकि मात्र 338 केंद्रों को नजदीकी स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। इस संबंध में जिलावार विवरण भी राजनीतिक दलों को सौंपा गया। इसके अतिरिक्त विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में गणना प्रपत्रों की अपलोडिंग की स्थिति निम्नवत है:-
*88 से 90 प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त करने वाले जिले*
पश्चिमी चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सुपौल, अररिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपरु, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया जी, नवादा एवं जमुई
*82 से 88 प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त करने वाले जिले*
सीतामढ़ी, मधुबनी, किशनगंज, पूर्णियाँ एवं गोपालगंज
सबसे ज्यादा गणना प्रपत्र डिजीटली अपलोड करने में लखीसराय (91.03), जहानाबाद (91.13), अरवल (91.33), कैमूर (91.46), शेखपुरा (91.89) एवं खगड़िया (92.60) जिले अव्वल है जहाँ 91 प्रतिशत से अधिक गणना प्रपत्र अपलोड किये जा चुके हैं। वही गोपालगंज में सबसे कम 82. 12 प्रतिशत गणना प्रपत्रों को ही अपलोड किया गया है।
0 Response to "विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ राज्यस्तरीय बैठक, 90.64 प्रतिशत निर्वाचकों से प्राप्त हुए गणना प्रपत्र"
एक टिप्पणी भेजें