जैव विविधता दिवस पर छात्रों ने चित्रों के जरिए दिया संरक्षण का संदेश

जैव विविधता दिवस पर छात्रों ने चित्रों के जरिए दिया संरक्षण का संदेश

पटना,19 मई: अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस 2025 के अवसर पर संजय गांधी जैविक उद्यान में सोमवार को राज्यस्तरीय चित्रांकन एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन में पटना जिले के 24 सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के कुल 1165 विद्यार्थियों ने भाग लिया। बिहार राज्य जैव विविधता पर्षद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को जैव विविधता के महत्व से अवगत कराना एवं उसके संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना था। 
प्रतियोगिता को तीन वर्गों में बांटा गया था। ग्रुप-ए (कक्षा 1 से 4) के छात्रों ने “चिड़ियां मेरे आस-पास”, ग्रुप-बी (कक्षा 5 से 8) के छात्र “जल में जीवन” तथा ग्रुप-सी (कक्षा 9 से 12) के लिए “जैव विविधता : शहरी क्षेत्र में जरूरी क्यों?” विषय पर चित्रांकन किया। 

चित्रांकन प्रतियोगिता में ग्रुप-ए से 398, ग्रुप-बी से 506 और ग्रुप-सी से 261 छात्रों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने जैव विविधता की महत्ता को दर्शाते हुए सुंदर एवं रचनात्मक चित्र प्रस्तुत किए।

फोटोग्राफी प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 12 तक के 179 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उन्होंने संजय गांधी पार्क के विभिन्न वृक्षों, फूलों, जीव-जन्तुओं एवं प्राकृतिक स्थलों की तस्वीरें खींचकर परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कीं।
प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के विजेताओं का चयन एक दक्ष निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दो सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

सभी विजेताओं को 22 मई, 2025 को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर संजय गांधी जैविक उद्यान में आयोजित मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।

0 Response to "जैव विविधता दिवस पर छात्रों ने चित्रों के जरिए दिया संरक्षण का संदेश"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article