माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा प्रतीक स्वरूप एक पेड लगाकर राज्य में "वन महोत्सव-2024" का शुभारंभ किया गया है।
माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा दिनांक 08.07.2024 को प्रतीक स्वरूप एक पेड लगाकर राज्य में "वन महोत्सव-2024" का शुभारंभ किया गया है। वृक्षारोपण का कार्य एक अति पुनीत कार्य है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भागीदारी देनी चाहिए। पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के खतरों से निपटने एवं धरती को हरा-भरा रखने के उद्देश्य से पंचायती राज विभाग द्वारा प्रत्येक वार्ड में कम से कम 05 वृक्ष लगाकर पूरे राज्य में 05 लाख 50 हजार से अधिक वृक्ष लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें बड़े एवं पारंपरिक वृक्षों यथा बरगद, पीपल, नीम, महुआ या फलदार वृक्ष यथा आम, इमली आदि को प्रोत्साहित किया जाना है।
15वीं वित्त आयोग एवं षष्ठम् राज्य वित्त आयोग की अनुशंसा से प्राप्त मद में से वृक्षारोपण हेतु राशि की व्यवस्था की गयी है। साथ ही लगाये गये छायादार एवं फलदार वृक्षों की सुरक्षा एवं देखा गाल हेतु वन पोषक एवं तन रक्षक की नियुक्ति की व्यवस्था भी की गयी है। इस संबंध में विभाग द्वारा विस्तृत दिशा निर्देश सभी जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी जनप्रतिनिधियों को दिया गया है।
पंचायती राज विभाग द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि पंचायत वन महोत्सब के तहत् दिनांक 03.08.2024 से एक सप्ताह तक राज्य के सभी जिलों/प्रखंडों/पंचायतों/वार्डों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधियों को सम्मिलित करते हुए वृहत स्तर पर वृक्षारोपण कराई जाएगी। माननीय मंत्री, पंचायती राज विभाग एवं माननीय मंत्री, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, बिहार के कर कमलों द्वारा पटना जिला के फुलवारी शरीफ प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गोनपुरा में पंचायत वन महोत्सव कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
0 Response to "माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा प्रतीक स्वरूप एक पेड लगाकर राज्य में "वन महोत्सव-2024" का शुभारंभ किया गया है।"
एक टिप्पणी भेजें