
*प्रतिबद्धता से काम करने पर सफलता निश्चितः अवधेश नारायण सिंह*
*100 गर्भवती महिलाओं को मोटा अनाज का किट वितरीत किया गया*
*पटना, 4 नवम्बर 2023ः* प्रतिबद्ध होकर काम करने से सफलता निश्चित है। महिला उत्थान एवं जागरूकता के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी इस बात को द्योतक है कि उनके विकास के अभियान में सफलता मिलेगी। बिहार विधान परिषद् के सदस्य अवधेश नारायण सिंह ने आज बिहार विधान परिषद् के सभागार में श्रीशील मंडल द्वारा आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला के अध्यक्षीय भाषण में यह विचार प्रकट किया।
इस अवसर पर बिहार विद्यापीठ के अध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस विजय प्रकाश ने कहा कि आज के दौर में मातृत्व पर चर्चा एक महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि भारत तभी विश्व गुरू बन सकता है जब जच्चा-बच्चा मृत्यु दर को कम से कम किया जाये। उन्होंने कहा कि विकसित देश जच्चा-बच्चा की मौत पर विशेष ध्यान देते हैं, हमारा लक्ष्य भी जच्चा-बच्चा की मौत को शुन्य करने पर होना चाहिए। बच्चों के कुपोषण पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यक्ता है। स्तनपान अभियान चलाकर कुपोषण को नियंत्रित किया जा सकता है।
श्रीशील मंडल की अध्यक्षा श्रीमति शीला त्रिपाठी ने कहा कि मां होना ईश्वर का वरदान है। उन्होंने कहा कि सुविधओं के आभाव के लिए सरकार या समाज दोषी नहीें है, बल्कि हम खुद सुविधाओं तक नहीं पहुंच पाते हैं। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था में योग का भी बड़ा योगादान है। इसके योग के विशेषज्ञ का सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेटा हो या बेटी इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, संतान स्वस्थ होना चाहिए।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर श्रीप्रकाश मणी त्रिपाठी ने कहा कि मां और मातृत्व का स्थान स्वर्ग से भी श्रेष्ठ होता है। खुशहाल देश का आधार खुशहाल परिवार और खुशहाल परिवार का आधार आंगन में बच्चों की किलकारी है। उन्होंने कहा कि अब समाज में संतान के प्रति दो दृष्टि नहीं है बल्कि अब समाज बेटा व बेटी को एक रूप में देखता है।
बिहार लोक सेवा आयोग की सदस्य श्रीमति दीप्ति कुमारी ने गर्भावस्था के दौरान सावधानियों एवं खान-पान के बारे में विस्तार से जानकारी दी साथ ही यह भी बताया कि प्रसव के बाद खुद की एवं बच्चों की देख भाल किस प्रकार से की जाये।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मोटा अनाज के उपयोग के आहवान के तहत 100 गर्भवती महिलाओं के बीच मोटा अनाज के किट वितरीत किया गया।
स्वागत भाषण श्री योगेन्द्र कुमार गौतम, प्रदेश संयोजक, एट्सेक इंडिया, ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रीति प्रसाद ने किया। इस अवसर पर श्री स्वपन मजमुदार, कार्यकारी निदेशक, बिहार स्वैच्छिक स्वास्थ्य संघ, श्रीमति उषा झा, बिहार महिला उद्योग संघ, श्रीमति नन्दा गर्ग, पूर्व जिलापाल एल.सी.आइ.एफ-322ई ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
0 Response to " *प्रतिबद्धता से काम करने पर सफलता निश्चितः अवधेश नारायण सिंह*"
एक टिप्पणी भेजें