वारिसलीगंज में बनेगा आधुनिक शुगर कॉम्प्लेक्स, मोतीपुर में फिर बजेगी चीनी मिल की सीटी

वारिसलीगंज में बनेगा आधुनिक शुगर कॉम्प्लेक्स, मोतीपुर में फिर बजेगी चीनी मिल की सीटी


 मुख्यमंत्री  सम्राट चैधरी की अध्यक्षता में बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मिली स्वीकृति

*पटना, 29 अक्टूबर 2026।*  बिहार में गन्ना आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने, किसानों को स्थानीय स्तर पर गन्ने का बाजार उपलब्ध कराने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चैधरी की अध्यक्षता में दिनांक 28 अक्टूबर को आयोजित बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में नवादा जिले के वारिसलीगंज में आधुनिक एकीकृत शुगर कॉम्प्लेक्स की स्थापना तथा मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर में नई चीनी मिल की स्थापना से संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है।

*वारिसलीगंज में IPL स्थापित करेगा आधुनिक एवं एकीकृत शुगर कॉम्प्लेक्स*

राज्य में गन्ना आधारित उद्योगों के विस्तार एवं नई चीनी मिलों की स्थापना को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। रैयाम एवं सकरी में इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) द्वारा नई चीनी मिलों की स्थापना के प्रस्ताव को राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा पहले ही स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इसी क्रम में नवादा जिले के वारिसलीगंज में भी IPL द्वारा नई चीनी मिल एवं इससे संबंधित गन्ना आधारित उद्योगों की स्थापना का प्रस्ताव है।

वारिसलीगंज में प्रस्तावित यह परियोजना केवल चीनी उत्पादन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसे आधुनिक एवं एकीकृत गन्ना आधारित औद्योगिक परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां चीनी उत्पादन के साथ इथेनॉल, को-जनरेशन, कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) तथा गन्ने के अन्य सह-उत्पादों पर आधारित इकाइयां स्थापित की जाएंगी।

*मोतीपुर में 115.08 एकड़ में नई चीनी मिल तथा 151.58 एकड़ भूमि पर लगेंगे अन्य उद्योग*

मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर में बिहार राज्य चीनी निगम की बंद पड़ी इकाई की भूमि का औद्योगिक विकास के लिए उपयोग किया जाएगा। इसके तहत 115.08 एकड़ भूमि पर नई चीनी मिल स्थापित की जाएगी, जबकि 151.58 एकड़ भूमि अन्य उद्योगों की स्थापना के लिए उद्योग विभाग को हस्तांतरित की जाएगी। इस पहल से क्षेत्र में औद्योगिक निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

*किसानों को मिलेगा स्थानीय बाजार, औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगी गति*

वारिसलीगंज में प्रस्तावित चीनी मिल से नवादा, नालंदा, शेखपुरा और जमुई जिलों के किसान लाभान्वित होंगे। स्थानीय स्तर पर चीनी मिल की उपलब्धता से किसानों को गन्ने की बिक्री के लिए बेहतर बाजार मिलेगा तथा इन क्षेत्रों में गन्ने की खेती एवं क्षेत्र विस्तार को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ गन्ना आधारित आर्थिक गतिविधियों और प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसरों का भी विस्तार होगा।

वहीं, मोतीपुर में चीनी मिल के साथ अन्य उद्योगों की स्थापना से औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे किसानों के लिए आय के नए अवसर सृजित होंगे, स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा तथा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

चीनी मिल एवं अन्य उद्योगों की स्थापना से मोतीपुर एक बार फिर प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित होगा, जिससे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। इस प्रकार वारिसलीगंज और मोतीपुर की ये पहलें किसान समृद्धि, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को एक साथ गति देंगी।

*माननीय मंत्री, गन्ना उद्योग विभाग, श्री संजय कुमार* ने कहा, वारिसलीगंज में आधुनिक एकीकृत शुगर कॉम्प्लेक्स की स्थापना और मोतीपुर में नई चीनी मिल की स्थापना की स्वीकृति बिहार में गन्ना आधारित उद्योगों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन परियोजनाओं से गन्ना किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध होगा, गन्ने की खेती को प्रोत्साहन मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चैधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने और बिहार को गन्ना आधारित उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

राज्य सरकार की यह पहल सात निश्चय-3 के अंतर्गत ‘समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन परियोजनाओं से गन्ना आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने, किसानों को लाभ पहुंचने तथा बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

0 Response to "वारिसलीगंज में बनेगा आधुनिक शुगर कॉम्प्लेक्स, मोतीपुर में फिर बजेगी चीनी मिल की सीटी"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article