पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कंकड़बाग में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कंकड़बाग में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित

*विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर आयुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश*

पटना, 25 सितंबर 2026

 पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कंकड़बाग में  विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक प्रमंडलीय आयुक्त,श्री राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्य-सहगामी गतिविधियों, आधारभूत संरचना, विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं विद्यालय परिसर के समग्र विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के प्रारंभ में विद्यालय के प्राचार्य श्री एम. पी. सिंह ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थी पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ खेल-कूद, योग, सांस्कृतिक एवं अन्य पाठ्य-सहगामी गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं तथा विभिन्न स्तरों पर, विशेषकर राष्ट्रीय स्तर पर, विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।
प्राचार्य ने विद्यालय में कक्षाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता से भी आयुक्त को अवगत कराया। इस पर प्रमंडलीय आयुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालय में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर सीपीडब्ल्यूडी के माध्यम से केंद्रीय विद्यालय संगठन को भेजा जाए, ताकि आवश्यक संसाधनों का विकास कराया जा सके और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए पठन-पाठन का वातावरण और अधिक सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जा सके।


बैठक के दौरान प्राचार्य द्वारा बताया गया कि विद्यालय की चारदीवारी के अंदर एवं बाहर मधुबनी पेंटिंग कराने की योजना है। प्रमंडलीय आयुक्त ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्मार्ट सिटी के माध्यम से कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर को शैक्षणिक वातावरण के साथ-साथ बिहार की समृद्ध कला एवं संस्कृति से भी जोड़ा जाना चाहिए।

*अतिक्रमण एवं जल निकासी की समस्या के समाधान के निर्देश*

विद्यालय के आसपास अतिक्रमण के कारण विद्यार्थियों को होने वाली कठिनाइयों पर भी बैठक में चर्चा हुई। प्रमंडलीय आयुक्त ने प्राचार्य को निर्देश दिया कि इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद कंकड़बाग एवं संबंधित अंचलाधिकारी पटना सदर को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध करें। उन्होंने कहा कि वे भी अपने स्तर से संबंधित पदाधिकारियों से समन्वय कर इस समस्या के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।

विद्यालय परिसर में जल निकासी की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर निगम एवं पीएचईडी के संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यालय परिसर में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

*विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता*

विद्यालय में विद्यार्थियों के आवागमन के समय उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश दिया कि विद्यालय खुलने एवं छुट्टी के समय आवश्यकतानुसार पुलिस बल की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था बनी रहे।

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं अन्य गतिविधियाँ काफी अच्छी हैं। विद्यार्थियों की प्रतिभा को और अधिक अवसर मिले तथा विद्यालय का निरंतर विकास हो, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को समन्वित प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

*विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक एवं योग प्रदर्शन*

इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रमंडलीय आयुक्त के समक्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग एवं खेल-कूद से संबंधित आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं अनुशासनपूर्ण प्रदर्शन की आयुक्त ने सराहना की।
राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यालय के कुछ प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजेश कुमार द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए निरंतर मेहनत करने तथा अपने विद्यालय एवं परिवार का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

बैठक में आयकर आयुक्त श्रीमती रिंकू सिंह सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य, विद्यालय के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

0 Response to "पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कंकड़बाग में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article