पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने किया पौधरोपण
पटना। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आज श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग-सह-युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने दिनांक 17 सितंबर 2026 को शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में अपने सरकारी आवास पर पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी सभी की है।
मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन भारत और भारतीयता के लिए समर्पित रहा। अंत्योदय और एकात्म मानववाद के उनके विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा ही सच्ची मानव सेवा है। उनके विचार आज भी जनकल्याण और सामाजिक उत्थान के लिए मार्गदर्शक हैं।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। अंत्योदय के सिद्धांत को आधार बनाकर गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार राष्ट्र उत्थान, जनसेवा और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। विदित हो कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन देश भर में आगामी 17 अक्टूबर तक किया जा रहा है।
0 Response to "पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने किया पौधरोपण"
एक टिप्पणी भेजें