तकनीक का ज्ञान आज के समय की जरूरत : शिक्षा मंत्री
बोले-बिहार में प्रतिभा की कमी नहीं, उचित अवसर व मंच मिलना जरूरी
बिहार रोबोटिक्स प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को किया सम्मानित
पटना। शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि तकनीक का ज्ञान आज के समय की जरूरत है। बिहार के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और नए प्रयोग के लिए उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराया जाए। रोबोटिक्स, विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जुड़े आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और समस्या के समाधान की क्षमता विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
श्री तिवारी शनिवार को गांधी मैदान स्थित एक होटल में बिहार रोबोटिक्स प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
हाईप्रोटेक संस्था द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में 20 से अधिक स्कूलों के 80 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स, एसटीईएम शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों की विजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित न रहकर प्रयोग, अनुसंधान और नवाचार से भी जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी दक्षता और रचनात्मक सोच विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
श्री तिवारी ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए हाईप्रोटेक के संस्थापक एवं सीईओ श्री अभिषेक कुमार और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
0 Response to "तकनीक का ज्ञान आज के समय की जरूरत : शिक्षा मंत्री "
एक टिप्पणी भेजें