गन्ना उद्योग विभाग के 40 पदाधिकारियों का प्रशिक्षण दल पुणे के लिए हुआ रवाना

गन्ना उद्योग विभाग के 40 पदाधिकारियों का प्रशिक्षण दल पुणे के लिए हुआ रवाना

- गन्ना प्रौद्योगिकी विस्तार कार्यक्रम के तहत 15 से 17 सितंबर तक वसंतदादा शुगर संस्थान, पुणे में लेगा प्रशिक्षण

गन्ना प्रौद्योगिकी विस्तार कार्यक्रम के तहत गन्ना उद्योग विभाग एवं राज्य में संचालित चीनी मिलों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का 40 सदस्यीय प्रशिक्षण दल 13 सितंबर को दानापुर रेलवे स्टेशन से पुणे के लिए रवाना हुआ। इस प्रशिक्षण दल द्वारा 15 से 17 सितंबर तक वसंतदादा शुगर संस्थान, पुणे में आयोजित एक्सपोजर विजिट-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया जाएगा।

माननीय गन्ना उद्योग मंत्री श्री संजय कुमार ने कहा कि बिहार के गन्ना किसानों की समृद्धि और उनकी आय में वृद्धि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसी उद्देश्य से विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों को राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख गन्ना अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थानों में भेजकर नवीनतम एवं उन्नत गन्ना तकनीकों का अध्ययन एवं प्रशिक्षण कराया जा रहा है। इन संस्थानों से प्राप्त आधुनिक तकनीकी ज्ञान एवं बेहतर कार्यप्रणालियों को बिहार में लागू कर किसानों तक पहुँचाया जाएगा, ताकि गन्ने की खेती अधिक वैज्ञानिक, उत्पादक एवं लाभकारी बन सके और किसानों की आय में वृद्धि हो।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान दल के सदस्यों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक गन्ना उत्पादन तकनीकों, टिश्यू कल्चर तकनीक, आधुनिक कृषि यंत्रों के प्रयोग, गन्ने में होने वाले प्रमुख रोग एवं कीटों की पहचान तथा उनके प्रभावी प्रबंधन सहित गन्ना उत्पादन से संबंधित विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके साथ ही दल द्वारा महाराष्ट्र राज्य में गन्ना किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, गन्ना क्षेत्र में अपनाई जा रही कार्यप्रणाली तथा चीनी मिलों की प्रबंधन एवं संचालन व्यवस्था का भी अध्ययन किया जाएगा। इस एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों को गन्ना उत्पादन एवं चीनी उद्योग के क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, किसान हितैषी योजनाओं एवं बेहतर कार्यप्रणालियों से परिचित कराना तथा बिहार में इनके प्रभावी क्रियान्वयन की संभावनाओं के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करना है।

सचिव, गन्ना उद्योग विभाग द्वारा बताया गया कि पुणे में आयोजित एक्सपोजर विजिट-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम से अधिकारियों एवं चीनी मिल प्रतिनिधियों को आधुनिक गन्ना उत्पादन तकनीकों की व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्राप्त होगी। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं तकनीकों को बिहार में किसानों तक पहुँचाने से गन्ना उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि, खेती की लागत में कमी तथा किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक गन्ना खेती की तकनीकों का लाभ दिलाने में सहायता मिलेगी।

ईखायुक्त ने प्रशिक्षण दल को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट से विभागीय अधिकारियों एवं चीनी मिलों की तकनीकी क्षमता में वृद्धि होगी तथा आधुनिक गन्ना तकनीकों को राज्य में प्रभावी रूप से अपनाने में सहायता मिलेगी।

संयुक्त निदेशक, गन्ना उद्योग विभाग द्वारा दानापुर रेलवे स्टेशन पर उपस्थित रहकर प्रशिक्षण दल के सभी पदाधिकारियों को पुणे के लिए रवाना किया गया तथा उन्हें प्रशिक्षण हेतु शुभकामनाएँ दी गईं।

0 Response to "गन्ना उद्योग विभाग के 40 पदाधिकारियों का प्रशिक्षण दल पुणे के लिए हुआ रवाना"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article