प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजेश कुमार ने लोक शिकायतों से संबंधित 27 मामलों की सुनवाई की

प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजेश कुमार ने लोक शिकायतों से संबंधित 27 मामलों की सुनवाई की

*पटना, बक्सर, रोहतास, नालंदा, भोजपुर एवं कैमूर जिलों से संबंधित मामलों में अधिकांश का निष्पादन*

बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के प्रथम अपीलीय प्राधिकार के रूप में प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजेश कुमार ने पटना, बक्सर, रोहतास, नालंदा, भोजपुर एवं कैमूर जिलों से संबंधित 27 मामलों की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान अधिकांश मामलों का निष्पादन किया गया, जबकि कुछ मामलों में आवश्यक जांच एवं प्रतिवेदन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

सुनवाई के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों को शिकायतों के निष्पादन में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

नालंदा जिले की गीता देवी के एम डी एम  रसोइया के रूप में सेवा बरकरार रखने से संबंधित मामले में प्रमंडलीय आयुक्त ने जिलाधिकारी, नालंदा को पूरे मामले की जांच कराते हुए गीता देवी की जन्म तिथि का विनिश्चय कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

नालंदा की ही वीनू कुमारी ने शिकायत की कि पुलिस द्वारा एससी/एसटी एक्ट के तहत दोषी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जा रही है तथा उन्हें जान का खतरा है। मामले की सुनवाई करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने पुलिस अधीक्षक, नालंदा को निर्देश दिया कि तीन वर्षों तक अनुसंधान पूरा नहीं होना उचित नहीं है। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर एक माह के अंदर अनुसंधान पूर्ण कर न्यायालय में आरोप-पत्र (चार्जशीट) उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
रोहतास जिले के आशुतोष कुमार द्वारा काराकाट प्रखंड की गमहरिया पंचायत में नल-जल योजना में अनियमितता की शिकायत पर प्रमंडलीय आयुक्त ने जिलाधिकारी, रोहतास को वरीय पदाधिकारियों की टीम गठित कर पूरे मामले की जांच कराने तथा जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बक्सर जिले के कृष्ण बिहारी दूबे द्वारा अंचलाधिकारी, सिमरी के विरुद्ध दाखिल-खारिज में अनियमितता की शिकायत पर प्रमंडलीय आयुक्त ने अंचलाधिकारी, सिमरी को अगली सुनवाई में सभी मूल अभिलेखों के साथ उपस्थित होने का आदेश दिया।

बक्सर के हिमांशु कुमार राय की करहसी पैक्स में चेयरमैन द्वारा प्रबंधक की नियुक्ति में अनियमितता की शिकायत पर प्रमंडलीय आयुक्त ने जिला सहकारिता पदाधिकारी, बक्सर को तीन सप्ताह के अंदर नियमानुकूल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसी प्रकार, बक्सर के कुंदन यादव द्वारा ग्राम पंचायत रघुनाथपुर के मुखिया एवं पंचायत सचिव पर मनमानी किए जाने की शिकायत पर प्रमंडलीय आयुक्त ने  जिलाधिकारी, बक्सर को डी डी सी की अध्यक्षता में वरीय पदाधिकारियों की टीम गठित कर  पंचायत के पिछले तीन वर्षों के कार्यों की जांच कराने का निर्देश दिया।

प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजेश कुमार ने कहा कि लोक शिकायत निवारण व्यवस्था का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी एवं न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें।

0 Response to "प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजेश कुमार ने लोक शिकायतों से संबंधित 27 मामलों की सुनवाई की"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article