आगामी 21 सितम्बर को गयाजी में होगा बाल श्रम उन्मूलन को लेकर क्षेत्रीय सम्मेलन
पटना, 1 सितम्बर 2026: श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग द्वारा आगामी 21 सितम्बर 2026 को गयाजी में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य बिहार को बाल श्रम मुक्त बनाने के साथ-साथ बाल श्रम से मुक्त कराए गए बच्चों के बेहतर पुनर्वासन एवं उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रभावी रणनीति तैयार करना है।
इस क्षेत्रीय सम्मेलन में बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के अध्यक्ष, श्री अशोक कुमार, उपाध्यक्ष श्री अरविन्द कुमार सिंह, माननीय विधायक एवं विधान पार्षद, श्रमायुक्त बिहार श्री राजेश भारती, उप श्रमायुक्त, सहायक श्रमायुक्त, श्रम अधीक्षक, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, प्रखंड प्रमुख, मुखिया, पंचायत प्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित होंगे। इसके अतिरिक्त पुलिस प्रशासन के साथ शिक्षा, समाज कल्याण, बाल संरक्षण एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी समन्वय हेतु इस क्षेत्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे।
ज्ञात हो कि बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग द्वारा श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर बाल श्रम उन्मूलन की दिशा में लगातार सक्रिय है। आयोग द्वारा प्रत्येक तीन माह में राज्य के सभी जिलों की कम-से-कम तीन पंचायतों को बाल श्रम मुक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
बाल श्रम केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि बच्चों के बचपन, शिक्षा और सम्मानजनक भविष्य पर सीधा आघात है। इसे समाप्त करने के लिए राज्य के सभी जिलों में जिला प्रशासन, श्रम विभाग, पुलिस प्रशासन, बाल संरक्षण इकाइयों एवं संबंधित विभागों के सहयोग से विशेष धावा दल गठित किए गए हैं। इन दलों द्वारा होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, चाय की दुकान, गैराज, कार्यशाला, ईंट-भट्ठा, घरेलू एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों सहित अन्य संभावित कार्यस्थलों पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान चिन्हित बाल श्रमिकों को तत्काल मुक्त कराकर उनके पुनर्वासन तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
बिहार देश का पहला राज्य है, जहां बाल श्रम से मुक्त कराए गए किशोर श्रमिकों को मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से ₹25,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस सहायता का उद्देश्य उन्हें शिक्षा, कौशल विकास एवं सम्मानजनक जीवन की मुख्यधारा से जोड़ना है।
बाल श्रम उन्मूलन के साथ-साथ आयोग पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय एवं सहयोग के माध्यम से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी प्रभावी रूप से कार्य कर रहा है।
प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर द्वारा पटना के हनुमान नगर में विशेष आवासीय प्रशिक्षण केंद्र (Special Residential Training Centre) की स्थापना की गई है। केंद्र का विधिवत उद्घाटन श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के माननीय मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद के कर-कमलों द्वारा बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के उपाध्यक्ष, श्री अरविन्द कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
क्षेत्रीय सम्मेलन के माध्यम से बाल श्रम उन्मूलन से जुड़े विभिन्न विषयों पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। बाल श्रम मुक्त बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए सभी हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय, सहयोग और सामूहिक प्रयास को और प्रभावी बनाना सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य होगा।
0 Response to "आगामी 21 सितम्बर को गयाजी में होगा बाल श्रम उन्मूलन को लेकर क्षेत्रीय सम्मेलन"
एक टिप्पणी भेजें