गोपालगंज के दो खिलाड़ियों को दक्षिण कोरिया में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि देंगे मुख्यमंत्री
शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने की थी पहल, माननीय मुख्यमंत्री का जताया आभार
गोपालगंज के बैकुंठपुर की रिया और बरौली के भवानी दक्षिण कोरिया जाएंगे, विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता में करेंगे देश का नेतृत्व
पटना। विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में चयनित गोपालगंज के दो खिलाड़ियों को रविवार को मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने यात्रा एवं अन्य आवश्यक खर्चों के लिए 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। इसकी पहल शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने की थी। इस दिशा में त्वरित कार्रवाई के लिए श्री तिवारी ने मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी को हृदय से धन्यवाद देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों रिया सिंह और भवानी सिंह को भी बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के रामपुर की निवासी रिया और बरौली के रतनसराय के रहने वाले भवानी ने अपनी प्रतिभा के बूते जिले के साथ पूरे बिहार का नाम रौशन किया है। दोनों खिलाड़ी आगामी 16 से 21 सितम्बर तक दक्षिण कोरिया के चिन्चुन शहर में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने वर्ष 2023 से ताइक्वांडो फ्रीस्टाइल पुमसे चैंपियनशिप में निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ शानदार प्रदर्शन किया है तथा राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक सहित कई उपलब्धियां हासिल की हैं। श्री तिवारी ने विश्वास जताया कि रिया और भवानी विश्व मंच पर भारत का नाम रोशन करेंगे।
0 Response to "गोपालगंज के दो खिलाड़ियों को दक्षिण कोरिया में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि देंगे मुख्यमंत्री "
एक टिप्पणी भेजें