बिहार में गन्ना क्षेत्र विस्तार और गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को मिलेगा नया बल

बिहार में गन्ना क्षेत्र विस्तार और गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को मिलेगा नया बल


- बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के सहयोग से त्रिस्तरीय गन्ना बीज उत्पादन कार्यक्रम को सुदृढ़ करने की पहल 

*पटना, 14 अगस्त।*

बिहार में गन्ना उत्पादन और गन्ना आधारित उद्योगों को नई गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन स्थित कार्यालय में ईखायुक्त श्री अनिल कुमार झा की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर, भागलपुर के अधिकारी शामिल हुए।
   बैठक में राज्य संचालित त्रिस्तरीय गन्ना बीज उत्पादन कार्यक्रम में कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की सहभागिता और सहयोग सुनिश्चित करने के साथ-साथ गन्ना क्षेत्र विस्तार से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

*बिहार गन्ना निवेश प्रोत्साहन नीति-2026 पर चर्चा*

       बैठक में बिहार गन्ना निवेश प्रोत्साहन नीति-2026 पर चर्चा करते हुए बताया गया कि राज्य में नई चीनी मिलों की स्थापना, बंद चीनी मिलों के पुनरुद्धार तथा गन्ना आधारित उद्योगों में निजी निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। साथ ही, गन्ना क्षेत्र के विस्तार एवं उत्पादकता में वृद्धि के लिए गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज की पर्याप्त उपलब्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

*भागलपुर में गन्ना क्षेत्र विस्तार की व्यापक संभावनाएं*

       बैठक में बताया गया कि भागलपुर जिले के पीरपैंती एवं अमरपुर क्षेत्रों में वर्तमान में भी कुछ किसानों द्वारा गन्ने की खेती एवं गुड़ उत्पादन किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में गन्ना उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए भविष्य में चीनी मिल की स्थापना होने पर लगभग 40 से 50 लाख क्विंटल गन्ने की आवश्यकता होगी। इसके लिए करीब 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने का विस्तार आवश्यक होगा। 
        इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं रोगमुक्त गन्ना बीज की उपलब्धता को महत्वपूर्ण बताते हुए कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के सहयोग से मॉडल गन्ना उत्पादन कॉम्प्लेक्स विकसित करने पर चर्चा की गई। कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के निदेशक अनुसंधान द्वारा इस पहल की सराहना करते हुए लगभग 10-15 एकड़ क्षेत्र में प्रजनक बीज उत्पादन में सहयोग तथा विभाग की आवश्यकता के अनुरूप टिश्यू कल्चर के माध्यम से गन्ना प्लांटलेट तैयार करने पर सहमति व्यक्त की गई।

*किसानों तक पहुंचेगी वैज्ञानिक गन्ना उत्पादन तकनीक*

विश्वविद्यालय द्वारा विभाग की विभिन्न कृषक प्रशिक्षण, सेमिनार, कार्यशाला एवं प्रचार वाहन जैसी प्रचार-प्रसार गतिविधियों में अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की बात कही गई। राज्य में गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज उत्पादन एवं वैज्ञानिक गन्ना खेती को बढ़ावा देने के लिए विभाग एवं बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के बीच यह सहयोग राज्य के गन्ना किसानों के लिए महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

0 Response to "बिहार में गन्ना क्षेत्र विस्तार और गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को मिलेगा नया बल"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article