गर्दनीबाग धरनास्थल पर आंदोलनकारी छात्रों से मिले दीपंकर भट्टाचार्य, माले ने दिया समर्थन
**पटना, 18 अगस्त 2026।* भाकपा माले के महासचिव कॉमरेड दीपंकर भट्टाचार्य ने मंगलवार को पटना के गर्दनीबाग धरनास्थल पहुंचकर विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों एवं अभ्यर्थियों से मुलाकात की और भाकपा माले की ओर से उनके आंदोलन को समर्थन दिया।
गर्दनीबाग धरनास्थल पर कॉमरेड दीपंकर भट्टाचार्य ने BPSC, BSSC, पुलिस भर्ती, TRE-4 तथा नल-जल अनुरक्षण कर्मियों के आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी माले महासचिव को सौंपा।
धरनास्थल पर आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि **छात्र अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। कई दिनों से छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन सरकार उनके सवालों को सुनने के बजाय असंवेदनशील रवैया अपना रही है।**
उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार आंदोलन कर रहे छात्रों को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। भाजपा आंदोलनकारी छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उन्हें *‘दिमागी नक्सल’ और ‘गटर’* जैसे आपत्तिजनक शब्दों से संबोधित कर रही है। यह लोकतांत्रिक आंदोलन और युवाओं के प्रति सरकार के रवैये को दर्शाता है।
माले महासचिव ने कहा कि *बिहार में परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत है।* पारदर्शी और समयबद्ध परीक्षा, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया तथा अभ्यर्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए चल रहे आंदोलनों के साथ भाकपा माले मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा और शिक्षा सुधार के लिए संघर्ष को और व्यापक बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार को आंदोलनकारी छात्रों और अभ्यर्थियों से संवाद कर उनकी जायज मांगों का तत्काल समाधान करना चाहिए। युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
**भाकपा माले ने बिहार में परीक्षा, शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवालों को लेकर चल रहे तमाम लोकतांत्रिक आंदोलनों को अपना समर्थन देने और इन मुद्दों पर व्यापक संघर्ष को आगे बढ़ाने की घोषणा की।**
0 Response to "गर्दनीबाग धरनास्थल पर आंदोलनकारी छात्रों से मिले दीपंकर भट्टाचार्य, माले ने दिया समर्थन"
एक टिप्पणी भेजें