ई.आई.बी. एवं पटना उत्पाद टीम की संयुक्त कार्रवाई में विदेशी शराब एवं प्रतिबंधित कोडिन सिरप की बड़ी खेप बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
पटना, 05 अगस्त 2026
दिनांक 05.08.2026 को ई.आई.बी. टीम द्वारा स्वयं के आसूचना संग्रहण के आधार पर पटना जिला उत्पाद टीम के साथ संयुक्त रूप से थाना-आगमकुआँ क्षेत्र अंतर्गत चाणक्य नगर एवं धनुकी मोड़ में छापेमारी अभियान चलाया गया।
पहली कार्रवाई के दौरान चाणक्य नगर स्थित एक किराना दुकान के समीप प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से ब्रजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब में ऑफिसर्स चॉइस के 180 एमएल के 28 टेट्रा पैक तथा आफ्टर डार्क के 180 एमएल के 27 पैक शामिल हैं। इस प्रकार कुल 9.90 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। बरामद विदेशी शराब का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹16,500 है।
इसके उपरांत ई.आई.बी. टीम एवं पटना जिला उत्पाद टीम ने धनुकी मोड़, थाना-आगमकुआँ के समीप एक टेम्पू की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टेम्पू से 50 पेटी प्रतिबंधित कोडिन सिरप बरामद किया गया। इसमें कुल 8,000 पीस (लगभग 800 लीटर) प्रतिबंधित कोडिन सिरप जब्त किया गया। इस मामले में टेम्पू चालक संजय जमादार को गिरफ्तार किया गया। बरामद कोडिन सिरप का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹15 लाख आंका गया है।
दोनों मामलों में संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद एवं एनडीपीएस अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत अनुसंधान जारी है।
0 Response to "ई.आई.बी. एवं पटना उत्पाद टीम की संयुक्त कार्रवाई में विदेशी शराब एवं प्रतिबंधित कोडिन सिरप की बड़ी खेप बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार"
एक टिप्पणी भेजें