आम जन की समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बन रहा ‘सहयोग कार्यक्रम
*33,665 आवेदन प्राप्त, 32,272 का हुआ निष्पादन; 20 दिनों से अधिक लंबित कोई मामला नहीं*
पटना, 29 अगस्त।
आम जन की समस्याओं के ससमय, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के लिए संचालित सहयोग पोर्टल एवं सहयोग शिविर पटना जिला में जन समस्याओं के निवारण की प्रभावी व्यवस्था के रूप में अपनी उपयोगिता साबित कर रहा है। इस व्यवस्था के माध्यम से न केवल नागरिकों की समस्याओं को आसानी से दर्ज किया जा रहा है, बल्कि संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों के माध्यम से उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
पटना जिला में अब तक विभिन्न विभागों से संबंधित 33,665 आवेदन सहयोग पोर्टल पर प्राप्त हुए हैं। इनमें से 32,272 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। वर्तमान में 7 से 10 दिनों के बीच लंबित मामलों की संख्या मात्र 232 है, जबकि 10 दिनों से अधिक समय से लंबित मामले केवल 41 हैं। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि जिले में 20 दिनों से अधिक अवधि से एक भी मामला लंबित नहीं है।
यह स्थिति आम जन की शिकायतों के प्रति जिला प्रशासन की संवेदनशीलता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्रवाई को प्रदर्शित करती है। पोर्टल पर प्राप्त मामलों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
*24 घंटे, सातों दिन शिकायत दर्ज कराने की सुविधा*
सहयोग पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक कभी भी अपनी समस्या अथवा शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त सहयोग व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्राप्त करने अथवा शिकायत के संबंध में सहायता लेने के लिए निःशुल्क टोल-फ्री नंबर 1100 पर भी कार्य अवधि में संपर्क किया जा सकता है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने के लिए कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर लगाने से मुक्त करना तथा उन्हें सरल, सुलभ, पारदर्शी और जवाबदेह शिकायत निवारण प्रणाली उपलब्ध कराना है।
*पंचायत स्तर पर पहुंच रहा प्रशासन, लग रहे सहयोग शिविर*
सहयोग कार्यक्रम को ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे मंगलवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में *सहयोग शिविर* आयोजित किए जाते हैं।
इन शिविरों में ग्रामीण नागरिक सीधे पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष रखते हैं। शिविरों की विशेषता यह है कि अधिकांश मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया जाता है। जिन मामलों का तत्काल निष्पादन संभव नहीं होता, उन्हें सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड कर संबंधित विभाग अथवा पदाधिकारी को भेजा जाता है तथा उनके समयबद्ध निष्पादन की निगरानी की जाती है।
जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियो को निदेश दिया है कि प्राप्त आवेदनों का ससमय एवं गुणवत्ता के साथ निष्पादन सुनिश्चित किया जाये.
सरकार की इस पहल से प्रशासन को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचने और आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। इससे नागरिकों का समय एवं श्रम बच रहा है और स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को गति मिल रही है।
0 Response to "आम जन की समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बन रहा ‘सहयोग कार्यक्रम "
एक टिप्पणी भेजें