बिहार पशु चिकित्सा संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

बिहार पशु चिकित्सा संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

निदेशक पशुपालन ने पशु चिकित्सकों को बताया पशुधन आधारित अर्थव्यवस्था एवं ग्रामीण विकास की मजबूत रीढ़

पटना, 09 अगस्त 2026। बिहार पशु चिकित्सा संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को बिहार पशु चिकित्सा संघ भवन, विद्यापति मार्ग, पटना में गरिमापूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि श्री उज्ज्वल कुमार सिंह, भा.प्र.से., निदेशक, पशुपालन, बिहार थे।

हाल में सम्पन्न संघ के निर्वाचन में डॉ. विनोद कुमार मुक्ता अध्यक्ष, डॉ. प्रभात कुमार महासचिव तथा डॉ. पंकज कुमार कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। इसके अतिरिक्त कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. चन्द्रमौलेश कुमार, डॉ. पवन कुमार, डॉ. अमलेश कुमार यादव एवं डॉ. उपेन्द्र कुमार चौधरी निर्वाचित हुए हैं। संघ द्वारा जारी निर्वाचन संबंधी आधिकारिक पत्र में भी इन सभी निर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का उल्लेख किया गया है। 
समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने पशु चिकित्सक संवर्ग की गरिमा, एकता एवं हितों को सर्वोपरि रखते हुए निष्ठापूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि श्री उज्ज्वल कुमार सिंह ने पशु चिकित्सकों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि पशु चिकित्सा सेवा एक महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित सेवा है। पशु चिकित्सकों की भूमिका केवल पशुओं के उपचार और रोग नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि पशुधन विकास, दुग्ध उत्पादन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों एवं पशुपालकों की आय वृद्धि तथा प्रदेश और देश के समग्र विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पशु चिकित्सकों को पशुधन आधारित अर्थव्यवस्था की प्रगति एवं आर्थिक सुदृढ़ता की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।

निदेशक पशुपालन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी पूरे पशु चिकित्सक संवर्ग की समस्याओं, व्यावसायिक गरिमा एवं प्रगति के लिए निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने संवर्ग हित में उठाए जाने वाले उचित विषयों पर विभागीय स्तर से सकारात्मक एवं पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

समारोह की एक विशेष बात अध्यक्ष पद के चुनाव में द्वितीय स्थान पर रहे डॉ. संजय कुमार की सक्रिय सहभागिता रही। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार मुक्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं देकर यह संदेश दिया कि लोकतांत्रिक निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा से ऊपर संघ की एकता और संघ भावना सर्वोपरि है। उनकी उपस्थिति एवं सकारात्मक भूमिका का उपस्थित सदस्यों ने स्वागत किया।

कार्यक्रम का आयोजन विद्यापति मार्ग स्थित संघ भवन में संघ चुनाव समिति द्वारा की गई। डॉ. करुणा भारती ने मंच संचालन करते हुए पूरे समारोह को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया।

समारोह में वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त पशु चिकित्सकों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। रिटायर्ड वेटरिनरी एसोसिएशन के डॉ. जय नारायण सिंह, डॉ. ओम प्रकाश एवं डॉ. एस. पी. शर्मा ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त पशु चिकित्सकों की सहभागिता ने नई पीढ़ी और अनुभवी पशु चिकित्सकों के बीच संगठनात्मक निरंतरता एवं एकजुटता को और मजबूती प्रदान की।

इस अवसर पर डॉ. सुनील कुमार ठाकुर, अपर निदेशक, पशुपालन; डॉ. दिनेश जौनपुरी, संयुक्त निदेशक; डॉ. रमेश कुमार, सहायक निदेशक, सूचना एवं प्रसार, बिहार सहित विभिन्न क्षेत्रीय निदेशक, जिला पशुपालन पदाधिकारी तथा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में पशु चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी पशु चिकित्सकों की व्यावसायिक गरिमा, सेवा संबंधी हितों, संवर्गीय एकता तथा पशुपालन क्षेत्र के विकास के लिए सरकार एवं विभाग के साथ सकारात्मक समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करेगी।

कार्यक्रम ने निर्वाचन के बाद प्रतिस्पर्धा से सहयोग, मतभेद से एकजुटता और व्यक्तिगत आकांक्षाओं से ऊपर संघ हित को रखने का सकारात्मक संदेश दिया। उपस्थित पशु चिकित्सकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष एवं सभी कार्यकारिणी सदस्यों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

0 Response to "बिहार पशु चिकित्सा संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article