नाबार्ड अधिकारी आवास में सावन महोत्सव की धूम, हरियाली और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हुआ परिसर

नाबार्ड अधिकारी आवास में सावन महोत्सव की धूम, हरियाली और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हुआ परिसर

पटना, एग्जिबिशन रोड। नाबार्ड (राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक) के अधिकारी आवास परिसर में आयोजित ‘सावन महोत्सव’ उल्लास, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के बीच भव्यता के साथ संपन्न हुआ। हरियाली की छटा, पारंपरिक परिधानों की सुंदरता और सावन गीतों की मधुरता ने पूरे परिसर को उत्सवी माहौल से भर दिया। अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों ने इस अवसर पर पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। 
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती रंजीता सिंह, अध्यक्षा, नाबार्ड आरडब्ल्यूए-वाइवस संघ, रहीं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया तथा अपने संबोधन में कहा कि सावन केवल एक ऋतु नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, प्रकृति और नवजीवन के उत्सव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामुदायिक आयोजन परिवारों और समाज में प्रेम, सौहार्द एवं एकजुटता की भावना को और सुदृढ़ बनाते हैं। 
लोक संस्कृति से सजीं रंगारंग प्रस्तुतियाँ 
महोत्सव के दौरान महिलाओं और बच्चों ने सावन एवं झूला गीतों पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। हरे परिधानों और पारंपरिक श्रृंगार से सुसज्जित प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। 
इस अवसर पर मनोरंजक खेलों, मेहंदी प्रतियोगिता तथा अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता, सम्मान एवं सामुदायिक एकता का संदेश दिया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। 
पारंपरिक स्वाद ने बढ़ाया उत्सव का आनंद 
परिसर में लगाए गए झूलों तथा घेवर, खीर सहित विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों ने उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया। उपस्थित लोगों ने सावन के इस पारंपरिक उत्सव का भरपूर आनंद लिया और आयोजन की सराहना की।

0 Response to "नाबार्ड अधिकारी आवास में सावन महोत्सव की धूम, हरियाली और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हुआ परिसर "

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article