बिहार में पहली बार होगा वैज्ञानिक तरीके से फिश ब्रूड का उत्पादन, सीतामढ़ी में ₹10.92 करोड़ की लागत से फिश ब्रूड बैंक तैयार साथ ही डेयरी क्षेत्र को भी मिला नया आयाम
सीतामढ़ी/पटना, 08 अगस्त 2026
बिहार में मत्स्य क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए सीतामढ़ी जिले के डुमरा अंचल स्थित राघोपुर बखरी में राज्य के पहले फिश ब्रूड बैंक (Fish Brood Bank) से फिश ब्रूड के उत्पादन एवं उन्नत मत्स्य बीज के वितरण की शुरुआत माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा की गई। लगभग ₹10.92 करोड़ की लागत से विकसित यह फिश ब्रूड बैंक करीब 40 एकड़ क्षेत्र में स्थापित किया गया है।
इस फिश ब्रूड बैंक के शुरू होने से राज्य के हैचरी संचालकों को स्थानीय स्तर पर सस्ते दर पर गुणवत्तापूर्ण, स्वस्थ एवं आनुवंशिक रूप से उन्नत प्रजनक मछलियां (Brooders) उपलब्ध हो सकेंगी। इससे गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज का उत्पादन बढ़ेगा तथा बिहार की हैचरियों की बाहरी राज्यों पर निर्भरता में कमी आएगी।
वैज्ञानिक तरीके से तैयार होंगे गुणवत्तापूर्ण ब्रूडर
अब तक बिहार में कई हैचरी संचालक प्रजनक मछलियों एवं मत्स्य बीज के लिए नदियों, मन, जलाशयों तथा अन्य प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर रहे हैं। प्राकृतिक स्रोतों से प्राप्त प्रजनक मछलियों में आनुवंशिक दोष की संभावना रहती है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव मछलियों की वृद्धि, उत्पादन एवं जीवित रहने की दर पर पड़ सकता है।
सीतामढ़ी के फिश ब्रूड बैंक में आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से स्वस्थ, बड़े आकार तथा आनुवंशिक रूप से गुणवत्तापूर्ण ब्रूडर तैयार किए जाएंगे। इनसे गुणवत्तापूर्ण एवं रोग-मुक्त मत्स्य बीज का उत्पादन किया जाएगा। इससे राज्य में मत्स्य बीज की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ मछली उत्पादन की उत्पादकता में भी वृद्धि होगी।
लगभग 40 एकड़ में विकसित हुआ आधुनिक फिश ब्रूड बैंक
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के तहत विकसित इस केंद्र में करीब 40 एकड़ क्षेत्र में ब्रूड स्टॉक तालाब, नर्सरी पॉन्ड एवं रियरिंग पॉन्ड का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही केंद्र पर मत्स्य बीज हैचरी भी स्थापित की गई है, जिसके माध्यम से मत्स्यपालकों को गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
इस केंद्र को सीतामढ़ी जिले में ‘नीली क्रांति’ के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां मुख्य रूप से भारतीय मेजर कार्प की प्रमुख प्रजातियों रोहू, कतला एवं मृगल के साथ जयंती रोहू, कॉमन कार्प, अमृत कतला एवं अमूर कार्प सहित अन्य उपयोगी मछली प्रजातियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
मत्स्यपालकों की आय और रोजगार के अवसरों में होगी वृद्धि
स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण एवं सस्ता मत्स्य बीज उपलब्ध होने से बिहार में मछली उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। इससे मत्स्यपालकों की उत्पादन लागत कम होने के साथ उनकी आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही, मत्स्य पालन एवं इससे जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज के उत्पादन से भविष्य में बिहार से अन्य राज्यों को मत्स्य बीज की आपूर्ति तथा मत्स्य उत्पादों के व्यापार एवं निर्यात को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अतिरिक्त केंद्र के माध्यम से भविष्य में मिट्टी एवं पानी की जांच, प्रशिक्षण तथा तकनीकी मार्गदर्शन जैसी सुविधाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
सीतामढ़ी में डेयरी क्षेत्र को भी मिला नया आयाम
इस अवसर पर सीतामढ़ी जिले में डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण पहल की गई। राज्य योजना 2025-26 एवं 2026-27 के अंतर्गत 30 MTPD क्षमता वाले दुग्ध चूर्ण संयंत्र का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना की कुल लागत ₹76.60 करोड़ है।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय सचिव, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार तथा अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, कॉम्फेड श्री शीर्षत कपिल अशोक द्वारा कार्यस्थल पर दिए गए प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि इन परियोजनाओं के संचालन से सीतामढ़ी एवं आसपास के क्षेत्रों में डेयरी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन से जुड़े किसानों की आजीविका को नई दिशा मिलेगी। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय केंद्रीय मंत्री, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी, भारत सरकार श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, माननीय मंत्री, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार सरकार श्री नंद किशोर राम तथा माननीया मंत्री, उद्योग एवं खेल विभाग, बिहार सरकार एवं प्रभारी मंत्री, सीतामढ़ी सुश्री श्रेयसी सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
0 Response to "बिहार में पहली बार होगा वैज्ञानिक तरीके से फिश ब्रूड का उत्पादन, सीतामढ़ी में ₹10.92 करोड़ की लागत से फिश ब्रूड बैंक तैयार साथ ही डेयरी क्षेत्र को भी मिला नया आयाम"
एक टिप्पणी भेजें