चुनाव से संबंधित कोषांगों के कार्यों की हुई समीक्षा
पटना, सोमवार, दिनांक 20.07.2026ः बाँकीपुर विधान सभा उप चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने सभी कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों को निदेश दिया कि अपने-अपने कोषांगों की तैयारी ससमय पूरा कर लें। कार्यों की दैनिक प्रगति की समीक्षा करें जिससे कि समय पर निर्वाचन कार्य को बिना किसी कठिनाई के सम्पन्न कराया जा सके। मतदान से जुड़े अगले चरण के सभी प्रशिक्षणों पर विशेष ध्यान दिया जाये।
*मतदान कर्मियों का दूसरा रैंडेमाइजेशन सम्पन्न*
----------------------
बाँकीपुर विधान सभा उप चुनाव में प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों का द्वितीय रैडेमाइजेशन जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री कुन्दन कुमार एवं सामान्य प्रेक्षक श्री शिव सहाय अवस्थी की उपस्थिति में एन.आई.सी. में हुआ। दूसरे चरण के रैंडेमाइजेशन के उपरांत मतदान कर्मियों के लिये मतदान दल निश्चित हो गया है। बाँकीपुर विधान सभा क्षेत्र अंतर्गत कुल 422 बूथों के लिए 10 प्रतिशत रिजर्व कर्मी सहित 467 कर्मियों का रैंडेमाइजेशन किया गया है। इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री पुष्पेश कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
*बैलेट यूनिट का प्रथम पूरक रैंडेमाइजेशन सम्पन्न*
----------------------
बाँकीपुर विधान सभा उप चुनाव में अभ्यर्थियों की संख्या 16 से अधिक होने के कारण दो बैलेट यूनिट का प्रयोग होगा। इस वजह से बैलेट यूनिट का प्रथम पूरक रैंडेमाइजेशन जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी एवं अभ्यर्थियों तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में एन.आई.सी. में सम्पन्न हुआ।
0 Response to "चुनाव से संबंधित कोषांगों के कार्यों की हुई समीक्षा"
एक टिप्पणी भेजें