बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की साइट पर 800 से ज्यादा कलाकारों ने कराया पंजीकरण

बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की साइट पर 800 से ज्यादा कलाकारों ने कराया पंजीकरण


- एक्टिंग में 447 तो संगीत और गायकी में 208 लोगों ने कराया ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 
- कैमरा, साउंड, लाइट के उपकरण सप्लायर वैनिटी वैन सप्लायर, सिक्योरिटी एजेंसी आदि शामिल  
पटना, 12 जून। राज्य में फिल्म निर्माण गतिविधियों के विस्तार और स्थानीय संसाधनों के उपयोग की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं। 
बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की पहल को उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर अब तक 800 से अधिक कलाकारों, तकनीशियनों और सेवा प्रदाताओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।  

निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजीकरण कराने वालों में अभिनेता, गायक, लेखक, नर्तक-नर्तकियां, निर्देशक, तकनीशियन और विभिन्न प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराने वाले लोग शामिल हैं। खास बात यह है कि कई आवेदकों ने अपनी एक से अधिक प्रतिभाओं और सेवाओं के लिए पंजीकरण कराया है।

ऑनलाइन पंजीकरण के आंकड़ों की बात करें तो एक्टिंग श्रेणी में सर्वाधिक 447 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके बाद संगीत और गायकी में 208, स्टोरी स्क्रीनप्ले एवं डायलॉग लेखन में 118, डांस एवं कोरियोग्राफी में 107 तथा डायरेक्टर एवं असिस्टेंट डायरेक्टर श्रेणी में 104 आवेदन आए हैं। इसके अलावा एडिटर के लिए 54, सिनेमाटोग्राफी में 44, गीत लेखन (लिरिसिस्ट) में 26, प्रोडक्शन में 25, साउंड और प्रोडक्शन डिजाइनिंग में 12-12 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

मेकअप, कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग, डीआई कलरिस्ट, ग्राफिक डिजाइनिंग, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी, क्रिएटिव प्रोड्यूसिंग और फाइटर जैसी तकनीकी विधाओं में भी लोगों ने आवेदन भेजे हैं। इससे स्पष्ट है कि बिहार में फिल्म निर्माण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

कलाकारों और तकनीशियनों के अलावा कैमरा, साउंड और लाइट उपकरण उपलब्ध कराने वाले सप्लायर, फूड सप्लायर, वाहन सप्लायर, वैनिटी वैन सप्लायर तथा सिक्योरिटी एजेंसियों ने भी अपना पंजीकरण कराया है। 
फिल्म जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि यह पंजीकरण प्रक्रिया बिहार की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करेगी। साथ ही राज्य में आने वाले फिल्म निर्माताओं को स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी।

0 Response to "बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की साइट पर 800 से ज्यादा कलाकारों ने कराया पंजीकरण"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article