मेदांता हॉस्पिटल पटना ने भारत के पहले स्वदेशी माइट्रल क्लिप ‘MyClip’ से 76 वर्षीय मरीज को दी नई जिंदगी
पटना, 15 मई 2026 : मेदांता हॉस्पिटल पटना ने हृदय रोग उपचार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारत में विकसित पहले स्वदेशी माइट्रल क्लिप डिवाइस ‘MyClip’ के सफल इस्तेमाल से 76 वर्षीय महिला मरीज को नई जिंदगी दी है। मरीज गंभीर किडनी बीमारी, एनीमिया और हृदय संबंधी जटिल समस्याओं से पीड़ित थीं।
डॉक्टरों के अनुसार, मरीज पिछले तीन वर्षों से सांस लेने में तकलीफ, पैरों में सूजन और अत्यधिक थकान जैसी समस्याओं से जूझ रही थीं। जांच में उन्हें “माइट्रल रिगर्जिटेशन (MR)” नामक गंभीर हृदय रोग होने का पता चला। इस बीमारी में हृदय के वाल्व से रक्त पीछे की ओर लीक होने लगता है, जिससे हार्ट फेलियर का खतरा बढ़ जाता है।
मरीज की अधिक उम्र और अन्य गंभीर बीमारियों को देखते हुए ओपन हार्ट सर्जरी या हार्ट ट्रांसप्लांट जैसे पारंपरिक इलाज काफी जोखिम भरे थे। केवल दवाओं के सहारे इलाज संभव नहीं था। ऐसे में मेदांता पटना के डॉक्टरों ने ‘MyClip’ तकनीक से मिनिमली इनवेसिव प्रक्रिया अपनाकर इलाज करने का निर्णय लिया।
मेदांता गुरुग्राम के चेयरमैन इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी एवं कार्डियक केयर डॉ. प्रवीण चंद्रा ने कहा कि भारत में विकसित MyClip जैसी आधुनिक तकनीकें देश के हेल्थकेयर सेक्टर के लिए बड़ा बदलाव साबित होंगी। इससे अत्याधुनिक कार्डियक उपचार अधिक मरीजों तक किफायती दर पर पहुंच सकेगा। उन्होंने कहा कि मिनिमली इनवेसिव प्रक्रियाओं से मरीजों का जोखिम कम होता है और रिकवरी भी तेज होती है।
इस प्रक्रिया को डॉ. प्रमोद कुमार, निदेशक एवं एचओडी कार्डियोलॉजी, तथा डॉ. अजय कुमार सिन्हा, निदेशक क्लिनिकल एवं प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। डॉक्टरों ने बताया कि इस तकनीक में ओपन हार्ट सर्जरी की आवश्यकता नहीं पड़ती। एक छोटी नली के माध्यम से रक्त वाहिका से डिवाइस को हृदय तक पहुंचाकर वाल्व की खराबी को ठीक किया जाता है।
इलाज के बाद मरीज की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया। अब वह सामान्य रूप से अपने दैनिक कार्य कर पा रही हैं और पहले की तुलना में बेहतर जीवन जी रही हैं।
डॉ. अजय कुमार सिन्हा ने बताया कि अब तक भारत में केवल अमेरिका में बने माइट्रल क्लिप डिवाइस ही उपलब्ध थे, जिनकी कीमत काफी अधिक होने के कारण अधिकांश मरीजों की पहुंच से बाहर थी। हाल ही में भारतीय कंपनी Meril Life Sciences द्वारा विकसित ‘MyClip’ को आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद देश में लॉन्च किया गया है।
मेदांता हॉस्पिटल पटना में MyClip डिवाइस की उपलब्धता से अब बिहार सहित पूर्वी भारत के अधिक मरीज कम खर्च में विश्वस्तरीय हृदय उपचार का लाभ उठा सकेंगे।
0 Response to "मेदांता हॉस्पिटल पटना ने भारत के पहले स्वदेशी माइट्रल क्लिप ‘MyClip’ से 76 वर्षीय मरीज को दी नई जिंदगी"
एक टिप्पणी भेजें