उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन हुआ

उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन हुआ

सरकार आपके द्वार; आम जनता सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं प्रदत्त सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाएँः माननीय उप मुख्यमंत्री
----------------------------------------

त्वरित विकास हेतु जन-प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच सार्थक संवाद तथा सुदृढ़ समन्वय की आवश्यकता पर माननीय प्रभारी मंत्री ने दिया बल
----------------------------------------------- 

‘‘सुन्दर पटना’’ के लक्ष्य के प्रति सभी हितधारक सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहेंः माननीय उप मुख्यमंत्री
-------------------------------------

विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, संवेदनशीलता तथा उत्तरदायित्व ज़िला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता; समेकित प्रयास से सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा हैः जिलाधिकारी
------------------------------------------------

पटना, शनिवार, दिनांक 30.05.2026ः- माननीय उप मुख्यमंत्री, बिहार-सह-प्रभारी मंत्री, पटना जिला श्री विजय कुमार चौधरी ने योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु जन-प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच सुदृढ़ समन्वय तथा सार्थक संवाद की आवश्यकता पर बल दिया है। वे आज पटना समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में अध्यक्षीय संबोधन कर रहे थे। माननीय उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी का एक ही उद्देश्य है कि जन समस्याओं का विधिवत जल्द-से-जल्द निदान हो तथा विकास की धारा सभी व्यक्ति तक पहुँचे। पटना का हर शहर एवं हर गाँव सुन्दर बने। इसके लिए हम सभी को सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहना होगा। माननीय उप मुख्यमंत्री ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि नई सरकार के गठन के बाद उनकी अध्यक्षता में पटना जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की यह पहली बैठक है। इस तरह की बैठकों का जनहित के लिए काफी महत्व है। दिनांक 22.05.2025 को आयोजित विगत बैठक में दिए गए निदेशों तथा माननीय सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों का जिला प्रशासन, पटना द्वारा नियमानुसार सम्यक अनुपालन किया गया है। इसके लिए जिलाधिकारी, पटना एवं उनकी सम्पूर्ण टीम बधाई का पात्र है। अनुपालन की प्रति आप सभी को उपलब्ध करायी गयी है। माननीय उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जन-प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के लिए आपसी विचार-विमर्श एवं जन-समस्याओं के समाधान हेतु जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म है। इससे प्रशासन व जन-प्रतिनिधियों में समन्वय स्थापित करने में सहायता प्राप्त होती है तथा विकास की प्रक्रिया को अपेक्षित गति मिलती है। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय विकास की प्रक्रिया में उत्प्रेरक की भूमिका निभाता है। हम सबको मिल-जुल कर समस्याओं का समाधान खोजना चाहिए। 
===========================
माननीय प्रभारी मंत्री ने इस बैठक के माध्यम से आम जनता से भी आह्वान करते हुए कहा कि पूरी सरकार आपके द्वार है। आप जनहित की सभी योजनाओं का समुचित लाभ उठाएँ। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा के आलोक में पटना जिला में भी सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के संकल्प को धरातल पर उतारने एवं जन-समस्याओं के त्वरित तथा प्रभावी समाधान हेतु 19 मई से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 19 मई को 41 पंचायतों में इसका सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। सरकार के सभी विभागों के अधिकारी आपके पास आते हैं। आम जनता सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाएँ। माननीय प्रभारी मंत्री ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के आदेशों के अनुसार सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। 
===========================

बैठक की शुरूआत में सदस्य-सचिव, जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति-सह-जिलाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने माननीय उप मुख्यमंत्री, बिहार-सह-प्रभारी मंत्री, पटना जिला श्री विजय कुमार चौधरी एवं अन्य उपस्थित माननीय जन-प्रतिनिधियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनन्दन करते हुए कहा कि माननीय उप मुख्यमंत्री ने अपने व्यस्ततम कार्यक्रम में से बैठक के लिए समय निकाला है। उनके मार्ग-दर्शन से हमसब में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार होता है। इससे जिले के विकास को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने सभी माननीय जन-प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि समिति की इस वर्ष यह पहली बैठक है। उन्होंने कहा कि जिले के विकास में सभी माननीय जन-प्रतिनिधियों का सहयोग बहुमूल्य है। हम सभी समाज के हर व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। समेकित प्रयास से सुगमता से लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विगत बैठक की तरह इस बार की बैठक में भी उठाए जाने वाले मुद्दों का विधिवत ढंग से समुचित अनुपालन सुनिश्चित किया जएगा। साथ ही जन-प्रतिनिधियों के सुझाव को आत्मसात करते हुए उसे त्वरित गति से क्रियान्वित किया जाएगा।

आज के जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा एजेंडा के अनुसार विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई एवं अद्यतन प्रगति का जायजा लिया गया। आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम, बाल संरक्षण इकाई, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, जीविका, जिला निबंधन-सह-परामर्श केन्द्र (डीआरसीसी), अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, नगर विकास एवं आवास, कृषि, लघु जल संसाधन, मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, पशुपालन, सहकारिता, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, ऊर्जा, राजस्व एवं भूमि सुधार, वन, श्रम संसाधन, खेल सहित सभी विभागों की योजनाओं में प्रगति तथा अद्यतन स्थिति पर पावर प्वाईंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। माननीय सदस्यों द्वारा योजनाओं पर विस्तृत विमर्श किया गया। योजनाओं में अद्यतन प्रगति का अवलोकन किया गया। माननीय सदस्यों ने योजनाओं के बारे में अपना विचार व्यक्त किया। 
जिलाधिकारी द्वारा माननीय प्रभारी मंत्री एवं समिति के सदस्यों के संज्ञान में लाया गया कि संभावित बाढ़, सुखाड़ एवं जल-जमाव से निपटने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। संपूर्ण आपदा प्रबंधन तंत्र इसके लिए सजग एवं तत्पर है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार जिला स्तर पर सभी व्यवस्था की गई है। पटना जिला में संभावित बाढ़/सुखाड़ को देखते हुए आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर अब तक 1,50,067 लाभुकों की सूची की इन्ट्री करा ली गई है जिसमें 1,46,246 लाभुकों का आधार सत्यापन हो चुका है। अद्यतीकरण सतत जारी है। जिला स्तर पर 219 पंजीकृत नावों के मालिकों से एकरारनामा कर लिया गया है। पटना जिला में 120 शरण स्थल, 204 प्रशिक्षित गोताखोर, 543 लाईफ जैकेट, 05 इन्फलेटेबल लाईटिंग सिस्टम, 02 महाजाल, 18,997 पॉलिथीन शीट्स एवं 97 प्रकार की दवाएँ उपलब्ध है। जिला स्तर पर  कोषांग/नोडल पदाधिकारी/जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन कर लिया गया है। पटना जिला में एसडीआरएफ की छः टीम (12 वोट एवं 36 जवान) गायघाट, पटना सिटी में तथा एनडीआरएफ की दो टीम (8 बोट) दीदारगंज बाजार समिति में पटना जिला हेतु सुरक्षित है। माननीय प्रभारी मंत्री ने आपदा प्रबंधन हेतु सभी स्टेकहोल्डर्स से आपस में समन्वय स्थापित कर सजग एवं तत्पर रहने तथा स्थिति के अनुसार रिस्पॉन्ड करने का आह्वान किया। 

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत जिला के पाँच प्रमंडलों-पटना, दानापुर, मसौढ़ी, पालीगंज एवं बाढ़- में 417 स्वीकृत पुलों/पथों के विरूद्ध 381 पुलों/पथों को पूर्ण कर लिया गया है। 9 ड्रॉप योजनाएं हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि शेष 05 पुलों/पथों को भी शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्राम सम्पर्क योजना अंतर्गत 607 योजनाओं को पूर्ण किया गया है तथा 39 योजनाओं को विभिन्न कारण से ड्रॉप किया गया है। नाबार्ड की स्वीकृत 219 पुल/पथ के विरूद्ध 203 योजनाओं को पूर्ण किया गया है। छः ड्रॉप योजनाएँ तथा पाँच विखंडित/हस्तांतरित योजना है। शेष पाँच योजनाओं को भी शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। 

मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2020-21 से वित्तीय वर्ष 2026-27 तक 57113.66 लाख रुपये की कुल 7,559 योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी। इनमें से 7,019 योजनाओं को पूर्ण कर लिया गया है। माननीय सदस्यों से सहमति प्राप्त कर विभिन्न कारणों से 94 योजनाओं को रद्द किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि शेष 446 योजनाएँ प्रगति के विभिन्न चरणों में है जिन्हें गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा के अंदर पूर्ण कर लिया जाएगा। सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (17वीं लोक सभा) में पूर्ण योजनाओं की संख्या 659 है। सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (राज्य सभा) में 617 योजनाओं को पूरा कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि शेष योजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। इन सभी को भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इसका नियमित तौर पर अनुश्रवण किया जाता है। माननीय उप मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। समयबद्ध ढंग से गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए योजनाओं को पूरा किया जाए। उन्होंने निदेश दिया कि लंबित एनओसी के मामलों को एक सप्ताह के अंदर निष्पादित करें। अनुमंडल पदाधिकारियों के माध्यम से इस प्रक्रिया में गति लाने तथा इसे सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। माननीय प्रभारी मंत्री ने कहा कि माननीय सांसदों एवं विधायकों की सुविधा तथा योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन हेतु माननीय सदस्यों की अनुशंसा के बाद योजनाओं की स्वीकृति/अस्वीकृति तथा हर एक चरण में प्रगति की सूचना माननीय सदस्यों को समय से मिलनी चाहिए। 
मनरेगा के तहत 125 खेल के मैदान का कार्य पूर्ण किया गया है। माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा मनरेगा के तहत रोजगार सृजन के कार्यों पर विशेष ध्यान देने का निदेश दिया गया। 

माननीय प्रभारी मंत्री ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को चापाकल गाड़ने के बाद उसका भौतिक रूप से प्रमाणीकरण अनुशंसा करने वाले संबंधित माननीय जन-प्रतिनिधियों से अनिवार्य रूप से कराने का निदेश दिया। 

बैठक में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अन्तर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन में प्रगति की समीक्षा की गई। डोर-टू-डोर संग्रहण के निर्धारित लक्ष्य 4,147 के विरूद्ध शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है। 230 ग्राम पंचायतों में वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। माननीय प्रभारी मंत्री ने पटना जिला में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के बेहतर क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आगे भी ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित किया।  

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में वर्ष 2016-17 से 2021-22 में पूर्णता का प्रतिशत 98.76 है। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना में वित्तीय वर्ष 2024-25 में निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध पूर्णता का प्रतिशत 95 है। माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा इन योजनाओं में शेष लंबित कार्यों को भी नियमानुसार शीघ्र पूर्ण करने का निदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी के लिए आवास के लक्ष्य के प्रति हम सभी को प्रतिबद्ध एवं तत्पर रहना होगा।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि पटना जिला में आयुष्मान भारत में आच्छादित परिवारों का प्रतिशत 98 है। 6,33,597 लोगों ने इसके तहत उपचार का लाभ उठाया है। पटना जिला में प्रसव पूर्व देखभाल में उपलब्धि 105 प्रतिशत से अधिक है। ओपीडी में उपलब्धि लगभग 75 प्रतिशत है। जिलाधिकारी द्वारा माननीय उप मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया कि जिले के अस्पतालों में काफी सुधार आया है। नियमित तौर पर अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा औचक एवं पूर्व निर्धारित निरीक्षण किया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई बढ़ाने तथा अनुपयुक्त जर्जर संरचनाओं को तोड़कर हटाने की कार्य योजना क्रियान्वित किया जा रहा है। अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि पटना जिला में स्वीकृत बल के अनुरूप चिकित्सक, जीएनएम, एएनएम एवं अन्य कर्मियों का पदस्थापन हुआ है। हमलोग नागरिकों के लिए सर्वाेत्तम स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तत्पर एवं प्रतिबद्ध हैं।  

शिक्षा विभाग द्वारा निःशुल्क पाठ्य-पुस्तक वितरण, पोशाक, छात्रवृति की राशि डीबीटी के माध्यम से बच्चों के खाता में राशि अंतरित किया जाता है। मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, पीएम पोषण योजना, मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण योजना, मुख्यमंत्री बालक-बालिका साईकिल योजना, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना, कुशल युवा कार्यक्रम सहित सभी योजनाओं का निदेशों के अनुसार सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्यक्रमों एवं योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।   
जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय सदस्यों के सुझावों पर तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी तथा अगली बैठक से पहले कृत कार्रवाई प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाएगा।

माननीय उप मुख्यमंत्री द्वारा पटना जिला में योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। उन्होंने कहा कि पटना पूरे बिहार को प्रतिबिंबित करता है। हम सब को इसी अनुसार तत्पर रहना होगा। उन्होंने कहा कि जनहित के अत्यंत महत्वपूर्ण लंबित कार्यों को पदाधिकारीगण निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूर्ण करें। आम नागरिकों को कोई समस्या न हो, इसे सुनिश्चित करें। माननीय जन-प्रतिनिधियों के पत्र पर कृत कार्रवाई प्रतिवेदन एवं अनुपालन प्रतिवेदन समय से उपलब्ध कराएँ। माननीय प्रभारी मंत्री ने जन-प्रतिनिधियों तथा अधिकारियों से ‘‘सुन्दर पटना’’ के लक्ष्य के प्रति सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि सहित सभी क्षेत्रों में लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हेतु सभी हितधारक सक्रिय रहें। 

===========================
जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक के बाद माननीय प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में आज पटना समाहरणालय में जिला नागरिक परिषद्, पटना की बैठक हुई। सदस्यों एवं अधिकारियों से मानव जनित तथा प्राकृतिक आपदा की स्थिति में प्रत्येक नागरिक का सक्रिय सहयोग प्राप्त करने हेतु उन्मुखीकरण एवं संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित करने तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को सुदृढ़ करने के लिए समेकित प्रयास करने का आह्वान किया गया।
===========================

माननीय उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु हम सबको लक्ष्य-आधारित कार्य करना होगा। उन्होंने सभी स्टेकहोल्डर्स से जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करने का आह्वान किया।

===========================
जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक के बाद माननीय प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में आज पटना समाहरणालय में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति में तैयारियों की समीक्षा हेतु जिला अनुश्रवण समिति की बैठक का आयोजन हुआ। हर स्थिति से निपटने के लिए उत्कृष्ट प्रशासनिक तैयारियों की सराहना करते हुए सभी स्टेकहोल्डर्स से आपस में समन्वय स्थापित कर आपदा प्रबंधन के प्रति सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया गया।
===========================

माननीय उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित की योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी को सक्रिय रहना पड़ेगा। 
जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में माननीय प्रभारी मंत्री के साथ माननीय सदस्य राज्य सभा डॉ. भीम सिंह; माननीय सदस्य बिहार विधानसभा सर्वश्री श्याम रजक, भाई वीरेन्द्र, अरूण मांझी, संजीव चौरसिया, सिद्धार्थ सौरव, रत्नेश कुमार, संजय कुमार, सियाराम सिंह, माननीय सदस्य बिहार विधान परिषद सर्वश्री नीरज कुमार, संजय कुमार सिंह, रविन्द्र प्रसाद सिंह, जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्षद्वय, माननीय महापौर पटना नगर निगम श्रीमती सीता साहू, माननीय अध्यक्षा जिला परिषद् श्रीमती कुमारी स्तुति के साथ अन्य माननीय जन-प्रतिनिधिगण तथा पदाधिकारीगण भी उपस्थित थे। 


0 Response to "उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन हुआ"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article