एक दिन में लगाए 9 हजार पौधे, अब मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

एक दिन में लगाए 9 हजार पौधे, अब मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

सीतामढ़ी की महुआवा पंचायत जलवायु कार्रवाई विशेष पंचायत पुरस्कार 2026 हेतु चयनित

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2026 के अंतर्गत बिहार के सीतामढ़ी जिले स्थित बथनाहा प्रखंड की महुआवा ग्राम पंचायत को जलवायु कार्रवाई विशेष पंचायत पुरस्कार (Climate Action Special Panchayat Award-CASPA) के लिए चयनित किया गया है। पंचायत को देशभर में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए पंचायत के मुखिया श्री संजीव भूषण को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

वर्ष 2021 से पंचायत का नेतृत्व कर रहे मुखिया श्री संजीव भूषण ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से पंचायत में समग्र एवं सतत विकास को नई दिशा प्रदान की है। विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने की दिशा में पंचायत द्वारा किए गए नवाचार उल्लेखनीय हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महुआवा पंचायत में एक ही दिन में लगभग 9 हजार पौधों का रोपण किया गया। वर्तमान में इन पौधों के कारण पंचायत क्षेत्र हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण की ओर अग्रसर हुआ है। पौधों के संरक्षण हेतु कंटीले तारों से घेराबंदी भी कराई गई है। इसके अतिरिक्त पंचायत में बालिका जन्म पर घर के बाहर एक फलदार पौधा लगाने की अनिवार्य पहल प्रारंभ की गई, जिसके अंतर्गत अब तक लगभग 250 पौधे लगाए जा चुके हैं। वर्तमान में पंचायत क्षेत्र में एक लाख से अधिक वृक्ष विद्यमान हैं, जिनमें फलदार एवं औषधीय पौधे भी शामिल हैं।

महुआवा पंचायत पूरे राज्य के लिए प्रेरणास्रोत : मंत्री
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने इस उपलब्धि पर मुखिया श्री संजीव भूषण एवं पंचायतवासियों को बधाई देते हुए कहा कि महुआवा पंचायत ने जलवायु कार्रवाई एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जो उत्कृष्ट कार्य किया है, वह पूरे बिहार के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पंचायत द्वारा बड़े पैमाने पर पौधरोपण, जल संचयन, बायोगैस प्लांट एवं सौर ऊर्जा के उपयोग जैसे प्रयास सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। ऐसे नवाचार ग्रामीण क्षेत्रों में जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करेंगे।

बायोगैस एवं जल संरक्षण के माध्यम से सतत विकास को बढ़ावा

महुआवा पंचायत द्वारा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा बचत एवं जल प्रबंधन की दिशा में भी प्रभावी कार्य किए गए हैं। पंचायत में जिन परिवारों के पास लगभग पाँच पशु हैं, उन्हें बायोगैस प्लांट से जोड़ने की पहल की गई है। इसके लिए कुल 50 परिवारों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 12 परिवारों में बायोगैस प्लांट का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। इससे प्रत्येक परिवार को प्रतिमाह लगभग 2 हजार रुपये की बचत हो रही है।
पंचायत क्षेत्र में 35 से 60 कट्ठे तक क्षेत्रफल वाले 10 बड़े तालाबों का विकास किया गया है, जहां मत्स्य पालन के साथ-साथ जल संचयन का कार्य भी किया जा रहा है। नदियों के जीर्णोद्धार के माध्यम से भीषण गर्मी के दौरान भूजल स्तर प्रबंधन को सुदृढ़ बनाया गया है। पंचायत के विद्यालयों में सोलर प्लेट स्थापित किए गए हैं तथा मिड-डे मील सहित विभिन्न गतिविधियों की निगरानी मोबाइल ऐप के माध्यम से सुनिश्चित की जा रही है।

महुआवा पंचायत आज पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन एवं सतत विकास के क्षेत्र में एक सफल एवं अनुकरणीय मॉडल के रूप में उभरकर सामने आई है।

0 Response to "एक दिन में लगाए 9 हजार पौधे, अब मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article