ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज, बिहटा में 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ

ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज, बिहटा में 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ

बिहटा (पटना), 7 मई 2026:
आज ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बिहटा के ऑडिटोरियम में 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए निःशुल्क 'वार्षिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम' का सफलतापूर्वक शुभारंभ हुआ। भारत सरकार के केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री, डॉ. मनसुख मांडविया जी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम द्वारा देश के 12 विभिन्न स्थानों पर एक साथ इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग के सचिव, श्री दीपक आनंद (भा.प्र.से.) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही, बिहार के श्रमायुक्त श्री राजेश भारती ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में उपस्थित रहे ।  
विदित हो कि नवंबर 2025 में अधिसूचित श्रम संहिताओं के अंतर्गत, व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य स्थिति संहिता (OSH Code) 2020 की धारा 6(1)(C) के तहत अब प्रत्येक नियोक्ता के लिए यह अनिवार्य कर दिया गया है कि वह अपने 40 वर्ष से अधिक उम्र के श्रमिकों की वार्षिक स्वास्थ्य जाँच सुनिश्चित करे। एक स्वस्थ कार्यबल को उत्पादक राष्ट्र की नींव मानते हुए और निवारक स्वास्थ्य देखभाल को श्रमिक का अधिकार बताते हुए, भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने अपने बीमित व्यक्तियों (IPs) के लिए इन निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविरों के आयोजन का शुभारंभ किया है।  
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं श्रम सचिव, श्री दीपक आनंद ने राज्य में श्रमिकों के कल्याण और नई श्रम संहिताओं को धरातल पर उतारने के प्रति बिहार सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर श्रमायुक्त बिहार ने OSH कोड व राज्य सरकार के प्रयासों से अवगत कराया। वार्षिक स्वास्थ्य जाँच के लिए श्रमिकों को सवेतन अवकाश के प्रावधान भी बताए।  
डीन डॉ विनय विश्वास ने अस्पताल के प्रबंधन एवं स्वास्थ्य जांच के महत्वों पर चर्चा की। 
कार्यक्रम में क्षेत्रीय निदेशक बिहार सीए. निरंजन कुमार ने नए लेबर कोड के प्रावधानों और उसमें नियोक्ताओं एवं श्रमिकों के अधिकारों व कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने OSH कोड के तहत वार्षिक स्वास्थ्य जांच को श्रमिकों के मूल अधिकारों के समान और स्वस्थ कार्यबल के लिए नियोक्ताओं की वैधानिक जरूरत बताया। इस दौरान ईएसआई द्वारा प्रदान की जाने वाली सभी चिकित्सा व नकद हितलाभों जैसे बीमारी में वेतन, कार्यस्थल पर दुर्घटना की स्थिति ने आजीवन पेंशन, मृत्यु की स्थिति में आश्रितों को 90% तक आजीवन पेंशन, 26 सप्ताह तक मातृत्व हितलाभ व बीमितों के बच्चों को मेडिकल कॉलेज में आरक्षण की व्यवस्था से भी अवगत कराया। 
आंचलिक चिकित्सा आयुक्त डॉ रचिता विश्वास ने श्रमिकों के पूर्व स्वास्थ्य जांच के लाभों पर चर्चा की। इस पहल से श्रमिकों और उद्योगों दोनों को दूरगामी लाभ प्राप्त होंगे। समय पर जांच होने से रक्तचाप, मधुमेह और हृदय रोगों जैसी गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में ही पता चल सकेगा।
वहीं, DIMS श्री शिशिर भारती ने भी ईएसआई योजना के विषय संबोधित किया। 
सरकार की योजना है की इससे प्रारंभिक पहचान और ईएसआईसी के माध्यम से निःशुल्क इलाज होने से श्रमिकों के परिवारों पर अचानक आने वाले भारी चिकित्सा खर्च का बोझ बचेगा। स्वस्थ श्रमिक लंबे समय तक सक्रिय रहते हैं, जिससे उद्योगों की उत्पादकता बढ़ती है और कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, चिकित्सकों और उपस्थित श्रमिक बंधुओं के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

0 Response to "ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज, बिहटा में 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article