आपदा प्रबंधन मंत्री, श्री नारायण प्रसाद ने किया हितधारकों को सम्मानित
बिहार दिवस पैवेलियन की सफलता के लिए उत्कृष्ट संस्थाओं को मिला सम्मान
पटना, 6 अप्रैल 2026
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा बिहार दिवस 2026 के अवसर पर गांधी मैदान में स्थापित भव्य पैवेलियन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले हितधारकों के सम्मान में आज प्राधिकरण सभाकक्ष में एक समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय आपदा प्रबंधन मंत्री श्री नारायण प्रसाद रहे।
अपने संबोधन में माननीय मंत्री श्री नारायण प्रसाद ने कहा कि सभी हितधारकों के संयुक्त प्रयास से यह आयोजन अत्यंत सफल रहा और इससे राज्य में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता को नई दिशा मिली है। उन्होंने सभी सहभागी संस्थाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नवाचार और जनसहभागिता “सुरक्षित बिहार” के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह माननीय उपाध्यक्ष डॉ. उदयकांत की अध्यक्षता में तथा माननीय सदस्य श्री पी.एन. राय एवं श्री कौशल किशोर मिश्र, श्री नरेंद्र कुमार सिंह, श्री प्रकाश कुमार व श्री शंभू दत्त झा के मार्गदर्शन में की गई। इस अवसर पर प्राधिकरण के सचिव मो. वारिस खान सहित विभिन्न हितधारकों के वरीय पदाधिकारी एवं प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत माननीय मंत्री के स्वागत के साथ हुई, जिसके पश्चात प्राधिकरण की गतिविधियों एवं बिहार दिवस के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों पर एक संक्षिप्त प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुति में बताया गया कि इस वर्ष गांधी मैदान में लगभग 80,000 वर्गफीट क्षेत्र में स्थापित पैवेलियन में दो दर्जन से अधिक संस्थाओं ने भाग लेकर आपदा जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया।
इसके उपरांत माननीय मंत्री द्वारा चयनित उत्कृष्ट स्टॉल एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इनमें बिहार अग्निशमन सेवा, रोहिणी साइंस क्लब, मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम, अस्पताल अग्नि सुरक्षा स्टॉल तथा एनडीआरएफ का स्टॉल विशेष रूप से सराहे गए। एनडीआरएफ द्वारा प्रस्तुत डॉग शो एवं आधुनिक रेस्क्यू तकनीकों ने आगंतुकों को खासा आकर्षित किया।
साथ ही मूक-बधिर बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य-नाटिका, ट्रांसजेंडर समुदाय की संस्था “दोस्ताना सफर” द्वारा नुक्कड़ नाटक, तथा एसडीआरएफ एवं अन्य सांस्कृतिक समूहों की प्रस्तुतियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने आपदा जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुँचाया।
0 Response to "आपदा प्रबंधन मंत्री, श्री नारायण प्रसाद ने किया हितधारकों को सम्मानित"
एक टिप्पणी भेजें