जल महोत्सव के तहत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर केंद्रीय राज्य मंत्री, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 25 महिला पंप संचालकों को किया गया सम्मानित
जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजकीय मध्य विद्यालय, फकुली घाट, कुढ़नी (जिला–मुजफ्फरपुर) में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, मोतीपुर एवं मुजफ्फरपुर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार डॉ. राज भूषण चौधरी एवं स्थानीय विधायक माननीय श्री केदार प्रसाद गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जल भरण कलश में जल डालकर जल स्रोतों के पुनर्भरण (रीचार्ज) का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान नल पर रक्षा सूत्र बांधकर “जल-बंधन” के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण और जल बचाने का सामूहिक संकल्प भी दोहराया गया।
इस अवसर पर माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि शौचालय निर्माण से लेकर जल जीवन मिशन तक की योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन लाया है। घर-घर स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से महिलाओं का समय और श्रम दोनों की बचत हुई है तथा उनके जीवन स्तर में सुधार आया है।
उन्होंने बिहार में माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा संचालित “हर घर नल का जल” योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना ने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। साथ ही लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी उन्होंने प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत कार्यरत 25 महिला पंप चालिकाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी एवं माननीय विधायक श्री केदार प्रसाद गुप्ता द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल योजनाओं की प्रगति पर प्रस्तुति दी गई तथा जल-चौपाल और जन-संवाद के माध्यम से लोगों को स्वच्छ जल, जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, भारत सरकार तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग,बिहार के पदाधिकारी, पंचायत जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
0 Response to "जल महोत्सव के तहत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर केंद्रीय राज्य मंत्री, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 25 महिला पंप संचालकों को किया गया सम्मानित"
एक टिप्पणी भेजें