श्री शीर्षत कपिल अशोक राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के निदेशक मंडल में नामित
पटना, दिनांक —11 फरवरी
श्री शीर्षत कपिल अशोक, सचिव, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार सरकार- सह-अध्यक्ष, कॉम्फेड को केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एन.डी.डी.बी.) के निदेशक मंडल में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के रूप में नामित किया गया है।
अध्यक्ष, कॉम्फेड का एन.डी.डी.बी. के निदेशक मंडल में प्रतिनिधित्व मिलने से एन.डी.डी.बी., कॉम्फेड तथा डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार सरकार के बीच नीतियों के अनुपालन, बेहतर समन्वय एवं प्रभावी क्रियान्वयन को और गति मिलेगी। साथ ही मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार की योजनाओं के साथ राज्य स्तर पर तालमेल और सुदृढ़ होगा। इससे राज्य के पशुपालकों की आय में वृद्धि तथा उनके जीवनस्तर में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा।
श्री अशोक के प्रतिनिधित्व से बिहार सहित देश के डेयरी क्षेत्र को नई दिशा मिलने की अपेक्षा है। उनके अनुभव एवं नेतृत्व से किसान सशक्तिकरण, नवाचार, सहकारिता आधारित संगठनात्मक विकास तथा दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नई संभावनाओं को बल मिलेगा।
विदित हो कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एन.डी.डी.बी.) का योगदान श्वेत क्रांति के समय से ही देश एवं बिहार राज्य में सहकारी डेयरी आंदोलन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण रहा है। एन.डी.डी.बी. के मार्गदर्शन एवं सहयोग से बिहार में डेयरी सहकारिता को नई ऊंचाइयाँ प्राप्त हुई हैं।
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय–3’ के अंतर्गत प्रत्येक गाँव में दुग्ध उत्पादन समितियों के गठन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पहल से राज्य में दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। साथ ही यह सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘श्वेत क्रांति 2.0’ के लक्ष्यों की प्राप्ति में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा और नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
0 Response to "श्री शीर्षत कपिल अशोक राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के निदेशक मंडल में नामित"
एक टिप्पणी भेजें