एआईएसएफ ने पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में उतारे उम्मीदवार
आज पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के तहत एआईएसएफ ने सेंट्रल पैनल के चार पदों तथा एक काउंसलर मेंबर पद के लिए अपने उम्मीदवारों का नामांकन किया। सेंट्रल पैनल में अध्यक्ष पद के लिए गीता कुमारी शर्मा, उपाध्यक्ष पद के लिए सैयद ज़ैद अहमद, महासचिव पद के लिए काजल कुमारी एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए मानसी कुमारी ने नामांकन दाखिल किया। इसके अतिरिक्त आर्ट एंड क्राफ्ट कॉलेज से काउंसलर मेंबर पद के लिए प्रशांत राज ने नामांकन किया।
नामांकन के अवसर पर सैकड़ों छात्रों के साथ एक भव्य नामांकन रैली पटना कॉलेज से निकलकर विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल पहुँची, जहाँ गगनभेदी नारों के साथ उम्मीदवारों ने नामांकन किया।
इस अवसर पर एआईएसएफ के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव विश्वजीत कुमार ने कहा कि पटना विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की बहाली संगठन के लंबे संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस बार एआईएसएफ पूरी मजबूती और जनसमर्थन के साथ चुनावी मैदान में उतरी है।
वहीं एआईएसएफ के राज्य सचिव अमीन हमज़ा एवं राज्य अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से कहा कि इस बार पटना विश्वविद्यालय का छात्र समुदाय सरकारी संरक्षण प्राप्त छात्र संगठनों को नकारते हुए संघर्षशील और जनपक्षधर छात्र संगठन एआईएसएफ को चुनने जा रहा है।
0 Response to "एआईएसएफ ने पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में उतारे उम्मीदवार"
एक टिप्पणी भेजें