पटना की कामकाजी महिलाओं के लिए “आकांक्षा” छात्रावास/हॉस्टल का शुभारंभ

पटना की कामकाजी महिलाओं के लिए “आकांक्षा” छात्रावास/हॉस्टल का शुभारंभ

• 50 बेड की क्षमता
• मुजफ्फरपुर व पटना के बाद गयाजी, दरभंगा और भागलपुर में भी खोलने की योजना
• रहना निःशुल्क, भोजन शुल्क मात्र ₹3000 प्रति माह

पटना, 18 फरवरी 2026:

पटना के आई.ए.एस. कॉलोनी (रूपसपुर) में कामकाजी महिलाओं के लिए “आकांक्षा” छात्रावास का विधिवत शुभारंभ किया गया। समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार द्वारा संचालित इस छात्रावास में 50 महिलाओं के आवास की समुचित व्यवस्था की गई है। छात्रावास का उद्घाटन निगम की प्रबंध निदेशक श्रीमती बंदना प्रेयषी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, दानापुर श्री अनिरुद्ध पांडेय; सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, पटना श्री विकास कुमार; तथा सहायक निदेशक, नि:शक्तता, पटना श्री शशांक सिंह उपस्थित रहे।

मुजफ्फरपुर और पटना के पश्चात अब गयाजी, दरभंगा एवं भागलपुर में भी ऐसे छात्रावास स्थापित करने की योजना है, जिससे राज्य के विभिन्न जिलों में कार्यरत महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा सके।

इस अवसर पर विभाग की सचिव श्रीमती बंदना प्रेयषी ने कहा कि यह पहल मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सुरक्षित आवास की उपलब्धता से महिलाएं बिना किसी भय के अपने कार्यों का निर्वहन कर सकेंगी तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेंगी। यह छात्रावास विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए है जो जिले में अकेले रहकर सरकारी अथवा अन्य सेवाओं में कार्यरत हैं।

उन्होंने बताया कि छात्रावास को ‘अपना घर’ की तर्ज पर विकसित किया गया है। इसका लाभ लेने के लिए आवेदिका की अधिकतम मासिक आय ₹75,000 निर्धारित की गई है। छात्रावास का संचालन महिला एवं बाल विकास निगम की देखरेख में किया जाएगा, जिससे महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

यहां आवास निःशुल्क उपलब्ध होगा तथा केवल भोजन हेतु ₹3000 प्रति माह का शुल्क देय होगा। छात्रावास में बेड, लॉकर, टेबल, कुर्सी, 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शुद्ध पेयजल (आर.ओ.), मनोरंजन हेतु टेलीविजन, निःशुल्क वाई-फाई आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। चार मंजिला भवन के प्रत्येक तल पर दो किचन की व्यवस्था की गई है, जिनका उपयोग महिलाएं आवश्यकता अनुसार कर सकती हैं। अधीक्षक, सहायक अधीक्षक, रसोइया एवं अन्य आवश्यक कर्मियों की नियुक्ति भी की गई है।

ऑनलाइन आवेदन के बाद होगा चयन

इच्छुक महिलाएं निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवासन की सुविधा ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी। तत्पश्चात काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से अंतिम चयन किया जाएगा।

आवेदन के समय कार्यरत होने से संबंधित प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र, नियुक्ति पत्र, वेतन पर्ची (पे-स्लिप), स्थानीय अभिभावक का पूर्ण विवरण तथा दिव्यांगता की स्थिति में संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

0 Response to "पटना की कामकाजी महिलाओं के लिए “आकांक्षा” छात्रावास/हॉस्टल का शुभारंभ"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article