जिलाधिकारी ने की शिक्षा विभाग की ज़िला-स्तरीय समीक्षा बैठक, अद्यतन प्रगति का लिया जायजा

जिलाधिकारी ने की शिक्षा विभाग की ज़िला-स्तरीय समीक्षा बैठक, अद्यतन प्रगति का लिया जायजा

विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शिक्षकों से नियमित संवाद स्थापित करने एवं फीडबैक लेने का जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिया निदेश
------------------------------------

कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालयों एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय छात्रावासों में हर संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का जिलाधिकारी ने दिया निदेश
-------------------------------------

गुणवत्तापूर्ण उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता; सभी पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर तथा प्रतिबद्ध रहेंः जिलाधिकारी
------------------------------------

पटना, बुधवार, दिनांक 18.02.2026ः जिलाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने कहा है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहें। वे आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की ज़िला-स्तरीय मासिक समीक्षात्मक बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार के गंभीर एवं सतत प्रयासों से विद्यालयों के शैक्षणिक वातावरण में आमूल-चूल सुधार आया है। सात निश्चय-3 कार्यक्रम के चौथे निश्चय ‘‘उन्नत शिक्षा-उज्जवल भविष्य’’ के तहत छात्रों विशेषकर लड़कियों की उच्च शिक्षा तथा युवाओं के लिए रोजगारपरक शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निदेश दिया कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें। विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शिक्षकों से संवाद स्थापित करें। उनसे फीडबैक लें। सरकार के उद्देश्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु विशेष प्रयास करें। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का सफल संचालन तथा योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सभी पदाधिकारियों का दायित्व है। शिक्षा विभाग के जिला में पदस्थापित सभी पदाधिकारी सरकार के निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। विद्यालयों के संचालन में उत्तरोत्तर गुणात्मक परिवर्तन लाएँ। आधुनिक एवं नई-नई तकनीकों का इस्तेमाल करें ताकि बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा प्राप्त हो। विद्यालयों में साफ-सफाई, शौचालय एवं शुद्ध पेयजल की अच्छी व्यवस्था सुनिश्चित रहनी चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कर्मियों एवं शिक्षकों के साथ-साथ सभी अधिकारी समय से कार्यालय आएँ तथा कर्तव्य पर मुस्तैद रहें। जिलाधिकारी द्वारा इस पर प्रसन्नता व्यक्त की गई कि पीएम पोषण योजना से आच्छादित 3,017 विद्यालयों में योजना का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। विद्यालयों में लाईब्रेरी तथा लेबोरेट्री फंक्शनल है तथा विद्यार्थियों के लिए खेल-कूद की सामग्री उपलब्ध है। जिलाधिकारी द्वारा कैलोरी, प्रोटीन एवं अन्य पोषक तत्व को मध्याह्न भोजन के माध्यम से बच्चों को उपलब्ध कराने हेतु निर्धारित मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने, यूथ एवं इको क्लब तथा साईंस एवं मैथ्स क्लब के माध्यम से समसामयिक महत्व पर आधारित विभिन्न तरह की सृजनात्मक तथा वैज्ञानिक गतिविधियों का संचालन करने का निदेश दिया गया।   

जिलाधिकारी द्वारा अधिकारियों को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय छात्रावासों में हर संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालयों का निदेशानुसार समय-समय पर जाँच कराया जाता है तथा बालिकाओं का हेल्थ चेक-अप भी कराया जाता है। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को कस्तूरबा गाँधी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कराने तथा बालिकाओं से फीडबैक लेने का निदेश दिया। उन्होंने कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालयों में गैप एनैलिसिस करने का निदेश दिया ताकि इन विद्यालयों में आवश्यकतानुसार सभी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
आज की इस बैठक में जिलाधिकारी द्वारा पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई तथा अद्यतन प्रगति का जायजा लिया गया। जिले के शैक्षिक परिदृश्य, नामांकन, शिक्षकों की संख्या, विद्यालयों का निरीक्षण, सर्व शिक्षा अभियान, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का संचालन, प्रधानमंत्री पोषण योजना के संचालन की स्थिति, खाद्यान्न उठाव, समग्र शिक्षा, शौचालय, छात्रवृत्ति, पोशाक, साईकिल, मेधावृत्ति योजना, समावेशी शिक्षा, शिक्षा का अधिकार अधिनियम का क्रियान्वयन, विद्यालयों में असैनिक कार्य सहित विभिन्न पहलुओं पर प्रगति की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार के विशेष प्रयासों से शिक्षा की काफी अच्छी स्थिति हुई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी अध्ययन-अध्यापन के लिए उत्कृष्ट वातावरण सुनिश्चित रखें। किसी भी विद्यार्थी को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।   

जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया कि टी.के. घोष अकेडमी तथा पटना हाई स्कूल में नेताजी सुभाषचन्द्र बोस आवासीय छात्रावासों का विधिवत संचालन हो रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि इन छात्रावासों में अभिवंचित वर्ग के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा सुनिश्चित की जा रही है। बेहतर-से-बेहतर सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को इन छात्रावासों के संचालन का नियमित अनुश्रवण करने का निदेश दिया। बच्चों के बेहतर पठन-पाठन, स्वास्थ्य, सुरक्षा इत्यादि सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। 
जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पटना जिला के कुल 3,135 शिक्षकों को समावेशी शिक्षा के तहत प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही दिव्यांग बच्चों के माता-पिता/अभिभावकों को दिव्यांगता के क्षेत्र में जागरूकता, बच्चे की विशिष्ट आवश्यकताओं की समझ, दैनिक कार्यों में सहायता, अधिकारों की जानकारी तथा आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुल 1973 अभिभावकों को भी प्रशिक्षण दिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा अधिकारियों को दिव्यांग बच्चों की शिक्षा एवं समावेशन को प्रोत्साहित करने हेतु लगातार प्रयत्नशील रहने का निदेश दिया गया। 
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को राज्य सरकार की सभी योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निदेश दिया। 

0 Response to "जिलाधिकारी ने की शिक्षा विभाग की ज़िला-स्तरीय समीक्षा बैठक, अद्यतन प्रगति का लिया जायजा"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article