एक भारत श्रेष्ठ भारत*डॉ० आशुतोष उपाध्यायप्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख ( भूमि एवं जल प्रबंधन प्रभाग)

एक भारत श्रेष्ठ भारत*डॉ० आशुतोष उपाध्यायप्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख ( भूमि एवं जल प्रबंधन प्रभाग)

*एक भारत श्रेष्ठ भारत*
डॉ० आशुतोष उपाध्याय
प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख ( भूमि एवं जल प्रबंधन प्रभाग)
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना - 801505
(१)
मित्रों! आज लौह पुरुष, सरदार पटेल का अवतरण दिवस है 
आज शपथ लेकर हम सबने, इसको मनाया एकता दिवस है 
कहे वारदोली में ‘कर मत दो’, उभरे गुजरात ‘नायक’ बनकर  
एवं सत्याग्रह की सफलता पर, सम्मान पाए ‘सरदार’ बनकर  
रियासतों व रजवाड़ों का विलय करके, बनाया अखंड भारत
भूमि सुधार व औद्योगिकीकरण द्वारा, सुधारी आर्थिक हालत
हो प्रगतिशील व समृद्ध देश, था उनका यह कूटनीतिक प्रयास    
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’
है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, देश वासियों को हो रहा अहसास
(२)
है भारत की समृद्ध संस्कृति, ‘विविधता में एकता’ वाला देश
विविध भाषाएँ एवं परंपरायें, अनूठे व्यंजन, वेशभूषा विशेष
विभिन्न जातियाँ, धर्म, सम्प्रदाय, सबका होता यहाँ समावेश
अलौकिक शक्तियां, अद्भुत ज्ञान का, अभूतपूर्व है भारत देश
हैं फूल सभी एक बगिया के, है जुदा सभी का रस, रंग, पराग
पर खुशबू से सबको महकाते, कोई घृणा करे या रखे अनुराग 
सबकी शरणस्थली मेरा देश, मिलजुल कर करते सभी प्रवास    
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’
है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, देश वासियों को हो रहा अहसास 
(3)  
चाहे निशाना लगायें अभिनव बिंद्रा, और जीतें स्वर्ण पदक
या हों वे मुक्केबाज मेरी कॉम, जो जीतकर लायीं कई पदक
चाहे सुदूर फेंक के भाला, ‘नीरज चौपड़ा’ जीतें स्वर्ण पदक
या हों वे ‘पी वी सिंधु’, जो बेडमिंटन में लायीं रजत पदक   
हो चाहे विराट का छक्का, या पकड़ लें कैच हार्दिक पंडिया
हर देशवासी यहाँ चिल्लाता है, बस केवल ‘इंडिया इंडिया’
हर स्पर्धा में मिल सकता है मेडल, यदि करें वे सतत अभ्यास 
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’
है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, देश वासियों को हो रहा अहसास
(4)
‘माता भूमि पुत्रोहम पृथिव्या’, है हमारे जीवन का मूल मंत्र 
‘वसुधैव कुटुम्बकं’ की नीति ही, करती सशक्त अपना गणतंत्र
शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सुरक्षा, न्याय व संसाधन विकास
प्रेम, दया, करुणा, परोपकार और सत्य, अहिंसा का आभास
हमको जीवन जीना सिखलाते, वेदों व उपनिषदों के उपदेश
हैं शांतिदूत और अग्निवीर हम, हमें सर्वोपरि मन का आदेश   
होगा शांतिपूर्ण जीवन, यदि हमने अपनाये यह उपाय खास  
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’
है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, देश वासियों को हो रहा अहसास
(5)
कुछ पढ़ते गीता, बाइबिल, कुरान, कुछ पढ़ते गुरु ग्रंथ साहिब
चाहें अनुयाई हों किसी धर्म के, वह देने वाला तो एक वाहिब  
देकर आदर बनकर सहिष्णु, वे करते हर दिल पर अपना राज
होकर विनम्र, बनकर शालीन, जो नित करते परहित के काज
हम सीखें कला, साहित्य, संगीत और पर्यटन स्थल घूमके आयें
साँस्कृतिक आदान-प्रदान करके, लजीज खाने का लुत्फ़ उठायें    
हम खुशियों से दामन भर लें, और खुद को कभी न रखें उदास
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’
है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, देश वासियों को हो रहा अहसास
(6)
कठिन परिश्रम, धैर्य, त्याग, और मन में भरा हो आत्मविश्वास
अनुशासन, स्थिरता एवं सहजता, कराते सफलता का आभास
सतत ज्ञान वर्धन, कौशल विकास, व स्वदृष्टिकोण में परिवर्तन
हम बन जाते एक अच्छे इंसान, जब बनता ऐसा जीवन दर्शन
आलोचना, चिल्लाना, कोसना, शिकायत एवं तुलना करें कम
बिना ज्यादा तनाव के, आनंदमय जीवन जियो, भूल कर गम
हम सुमति रखें और प्रगति करें, मन में भरकर आत्मविश्वास    
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’
है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, देश वासियों को हो रहा अहसास 
(7)
चाहे उत्तराखंड की हो त्रासदी, या गुजरात में आये भूकम्प
होकर एकजुट सब भारतवासी, ले लेते मन में सेवा संकल्प
चाहे इसरो छोड़े चंद्रयान, या आस्कर जीतें आर आर आर
या दुश्मन के छक्के छुड़वा दे, इस देश की सेना करके प्रहार
चाहे हँसाएँ ‘कपिल शर्मा’, या किस्सा सुनायें ‘जाकिर’ भाई  
हर एक यही कोशिश करता, हँसे व हँसाएँ सब लोग लुगाई 
हम सब सुख दुःख के साथी हैं, रहते उत्साहित करते उल्लास
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’
है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, देश वासियों को हो रहा अहसास 
(8)
३७० हटी, राम मंदिर बना, तीन तलाक का हुआ अवसान
ध्वस्त हो गए नापाक मंसूबे, एवं जीवन जीना हुआ आसान
करके जी-२० का आयोजन, बढ़ाई दुनिया में देश की शान
अब भारत के उत्पादों को, पूरी दुनिया में मिलती पहचान  
रूस-यूक्रेन युद्ध में भी, है शांति सन्देश भारत का योगदान
सत्य, अहिंसा और बंधुत्व का, प्रवर्तक रहा यह देश महान
इस देश की अप्रतिम विरासत का, हम होने न देंगे कभी ह्रास       
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’
है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, देश वासियों को हो रहा अहसास 






(9)
कई राज्यों में समस्याएं भी हैं, उनका करना होगा समाधान
निर्लज्ज बलात्कारियों के कुकृत्य से, यह देश हो रहा परेशान 
चंद रसूखदार करते  संरक्षण, देते बलात्कारियों को वरदान
जनता ही सबक सिखा सकती है, तोड़कर उनका अभिमान        
अंकुश लगे ऐसे कुकृत्य पर, हो ऐसा सुदृढ़ क़ानूनी प्रावधान
ऐसी ही इच्छा हर देश वासी की, यही इसका स्थाई निदान
हर समस्या का निकलेगा समाधान, मुझको तो पूरा विश्वास
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’
है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, देश वासियों को हो रहा अहसास
(10)
यह देश अहिंसा का पुजारी है, कभी पहले वार नहीं करता है
जब आवश्यक हो जाता है, फिर प्रहार करने से नहीं डरता है
देश को जब कोई धमकाता है, या कोई भी खतरा मडराता है
भारत माँ का रक्षा व्रत लेकर, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चल जाता है  
आतंकी ठिकानों को निशाना बनाके, ब्रह्मोस चलाया जाता है
जल थल व नभ सेना का जवान, फिर निज शौर्य दिखलाता है
कोई आँख न दिखाये हमको, भारत विश्व को कराता अहसास           
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’
है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, देश वासियों को हो रहा अहसास
(11)
हम कठपुतली बन नाँच रहे, सोचने समझने की शक्ति खोकर
ये नेतागण आपस में लड़वाते, धार्मिक उन्माद के बीज बोकर
ये पारंगत ध्यान भटकाने में, और करते हैं कुत्सित राजनीति
सामाजिक समरसता से सरोकार नहीं, न ही चाहें  रहे प्रीति
हम कब तक वोट बैंक बनकर, अपना उत्पीडन करवाते रहेंगे
अब जागेगी सोई जनता, और जिम्मेदारी याद दिलाकर रहेंगे
जनता का यह उत्तरदायित्व कि, छोड़े सुनना उनकी बकवास        
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’
है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, देश वासियों को हो रहा अहसास
(12)
आओ हम सब करें प्रतिज्ञा, अन्याय के खिलाफ लड़ना सीखें 
हम जागृत हों, चैतन्य बनें, और बेकसूरों की न दबायें चीखें
हम सब में अपरिमित उर्जा है, इसे अनुशासित करना होगा
शोषित, वंचित, निर्धन व बेरोजगार का कवच बनना होगा
जब हो शक्तियों का दुरूपयोग, चले उनके खिलाफ अभियान
न्याय प्रणाली के त्वरित निर्णय से, सभी पायें उचित सम्मान
हम विश्वगुरु थे और बने रहेंगे, कितने भी कोई लगाये कयास    
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’
है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, देश वासियों को हो रहा अहसास

0 Response to "एक भारत श्रेष्ठ भारत*डॉ० आशुतोष उपाध्यायप्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख ( भूमि एवं जल प्रबंधन प्रभाग)"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article