बिहार सरकार की नवाचार पहल – ड्रैगन फ्रूट उत्पादन को मिलेगा प्रोत्साहन
राज्य के 23 जिलों में लागू होगी “ड्रैगन फ्रूट विकास योजना”
दिनांक- 06/08/2025
पटना। माननीय उप मुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने आज जानकारी दी कि बिहार सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 से 2026-27 तक दो वर्षों के लिए "ड्रैगन फ्रूट विकास योजना" के तहत कुल 126.90 लाख (एक करोड़ छब्बीस लाख नब्बे हजार) की योजना स्वीकृत की गई है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 76.14 लाख की राशि निर्गत एवं व्यय हेतु स्वीकृत की गई है।
श्री सिन्हा ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य राज्य में ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा देना, उत्पादन क्षेत्र का विस्तार करना और किसानों की आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित करना है। यह योजना विशेषकर लघु एवं सीमांत किसानों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके।
योजना के तहत प्रति कृषक को न्यूनतम 0.1 हेक्टेयर से अधिकतम 2.0 हेक्टेयर तक ड्रैगन फ्रूट की खेती हेतु अनुदान दिया जाएगा। एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH) की मार्गदर्शिका के अनुसार, 20x20 मीटर की दूरी पर प्रति हेक्टेयर 5000 पौधों की रोपाई हेतु कुल इकाई लागत 6.75 लाख निर्धारित है। इस पर 40% अनुदान, अर्थात 2.70 लाख प्रति हेक्टेयर, दो किस्तों में (60:40 अनुपात में) दिया जाएगा। प्रथम किस्त 1.62 लाख एवं द्वितीय किस्त 1.08 लाख होगी।
ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए चयन की प्रक्रिया ऑनलाइन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से पारदर्शिता के साथ की जाएगी। योजना का कार्यान्वयन राज्य के 23 जिलों में किया जाएगा।
श्री सिन्हा ने कहा कि यह योजना बिहार के बागवानी क्षेत्र में नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे न केवल किसानों की आमदनी बढ़ेगी, बल्कि राज्य की कृषि विविधता को भी मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि अधिक से अधिक कृषक इस योजना से लाभान्वित हों।
0 Response to "बिहार सरकार की नवाचार पहल – ड्रैगन फ्रूट उत्पादन को मिलेगा प्रोत्साहन"
एक टिप्पणी भेजें