कर्मचारी राज्य बीमा योजना, बिहार की राज्य कार्यकारिणी समिति की 08वीं बैठक
दिनांक-06.08.2025 को श्री दीपक आनन्द, सचिव श्रम संसाधन विभाग, बिहार की अध्यक्षता में कर्मचारी राज्य बीमा योजना, बिहार की राज्य कार्यकारिणी समिति की 08वीं बैठक आयोजित की गयी, जिसमें विशेष सचिव, श्रम संसाधन विभाग, निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य विभाग, बिहार, श्री सत्येन्द्र प्रसाद-सह-सदस्य सचिव, निदेशक चिकित्सा सेवाये, कर्मचारी राज्य बीमा योजना, बिहार, क्षेत्रीय निदेशक, कर्मचारी राज्य बीमा निगम, पटना एवं भवन निर्माण विभाग, वित्त विभाग के साथ-साथ नियोजक एवं नियोक्ता प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में सर्वप्रथम विशेष सचिव, श्रम संसाधन विभाग द्वारा उपस्थित सदस्यों के स्वागत के पश्चात् बीमित व्यक्तियों एवं उनके आश्रितों के स्वास्थ्य सुविधाएं कैसे बेहतर हो इस संबंध में गहन चर्चा की गयी। इस क्रम में जानकारी दी गयी की कर्मचारी राज्य बीमा सोसायटी का गठन की जा चुकी है, जिसके द्वारा कर्मचारी राज्य बीमा योजना, बिहार के अन्तर्गत संचालित 17 (सतरह) चिकित्सालयों में चिकित्सक एवं पारामेडिकल स्टॉफ की संविदा पर नियुक्ति की जायेगी। इसी क्रम में बताया गया कि मुजफ्फरपुर में 100 बिस्तरीय ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ किया जायेगा।
बैठक में सम्मिलित कर्मचारी यूनियन के सदस्यों द्वारा राज्य में बीमित व्यक्तियों की संख्या में वृद्धि करने संबंधी सुझाव के आलोक में क्षेत्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार एवं विशेष कैम्प लगा कर निबंधन हेतु नियोक्ता एवं नियोजको के बीच जागरूकता लाने का निर्णय लिया गया। क्षेत्रीय निदेशक, कर्मचारी राज्य बीमा निगम द्वारा बताया गया कि बीमित व्यक्तियों की संख्या में वृद्धि हेतु 01, जुलाई 2025 से 31 दिसम्बर, 2025 तक स्प्री योजना 2025 संचालित की जा रही है, इसके अंतर्गत उन सभी नियोक्ताओं को पंजीकरण का पुनः अवसर है, जिन्होंने अभी तक ईएसआई योजना के तहत पंजीकरण नहीं कराया है।
राज्य के बीमित व्यक्तियों के चिकित्सा सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा औषधालय-सह-शाखा कार्यालय (डीसीबीओ) संचालित करने हेतु राज्य के सभी जिलों में भूमि चिन्हित करने की कार्रवाई की जा रही है, जिसमें से 12 जिलों में भूमि चिन्हित कर लिया गया है तथा गयाजी जिलें में औषधालय-सह शाखा कार्यालय (डीसीबीओ) का निर्माण कार्य प्रारम्भ कर दी गयी है। शेष जिलों में कर्मचारी राज्य बीमा निगम द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
0 Response to "कर्मचारी राज्य बीमा योजना, बिहार की राज्य कार्यकारिणी समिति की 08वीं बैठक"
एक टिप्पणी भेजें