बिहार एनडीए का विधानसभा क्षेत्र संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन का दूसरा चरण शुरू, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी फारबिसगंज पहुंचे
*कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत का लिया संकल्प*
*2025 में भारी बहुमत से फिर एनडीए की सरकार बनेगी: सम्राट चौधरी*
*राजद और कांग्रेस की सरकार ने बिहार को लूटने का काम किया, एनडीए ने विकास कर दिखाया: विजय सिन्हा*
पटना, 28 अगस्त। बिहार एनडीए का विधानसभा क्षेत्रों में संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन के दूसरे चरण की शुरुआत आज से हो गयी। एनडीए के दिग्गज नेता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचे और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने का मंत्र दिया।
विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में फारबिसगंज में जहां उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री हरि सहनी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया, वहीं उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सांसद धर्मशीला गुप्ता ने गरखा, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, मंत्री नितिन नवीन और ऋतुराज सिन्हा ने आरा में कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
इसके अलावा सांसद संजय जायसवाल, रविशंकर प्रसाद बिहार शरीफ, मंत्री मंगल पांडेय और सांसद अशोक यादव पारू, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और मंत्री रेणु देवी मोहिउद्दीन नगर में कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया।
इसी तरह मंत्री जनक राम और तारकिशोर प्रसाद बरारी विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया जबकि मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू और लखिंदर पासवान पिपरा, मंत्री प्रेम कुमार बेलदौर, सांसद राजीव प्रताप रूडी और शाहनवाज हुसैन मोरवा, तथा विनोद नारायण झा और सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल राजपुर विधानसभा में संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया।
फारबिसगंज में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार अब बदल रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2025 में भारी बहुमत से फिर एनडीए की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में मोदी सरकार के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण हुआ है। अब बिहार के सीतामढ़ी स्थित पुनौराधाम में करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत से भव्य सीता मंदिर बन रहा है। उन्होंने इसके लिए नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया।
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 2005 से पहले पूरे बिहार में बिजली की स्थिति खराब थी। तब 17 लाख उपभोक्ता थे, जो अब बढ़कर 2 करोड़ 41 लाख हो गए हैं। 2005 में केवल 350 मेगावाट उत्पादन था, जबकि आज 9 हजार मेगावाट खपत हो रही है। सरकार ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि हम सबका साथ, सबके विकास की बात करते हैं।
उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि फारबिसगंज की जनता बराबर एनडीए के साथ खड़ी रही है और इस बार भी खड़ी रहेगी।
इधर, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने गरखा में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार अब सभी क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य सरकारों ने जहां बिहार को लूटने का काम किया, वहीं नीतीश कुमार की एनडीए सरकार ने बिहार के विकास के लिए काम किया। अगले पांच साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक करोड़ बिहार के लोगों को नौकरी और रोजगार देने का वादा किया है।
उप मुख्यमंत्री सिन्हा ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश के विकास कार्यों को लेकर लोगों के घरों तक जाने का आह्वान किया। उन्होंने अगले चुनाव में बिहार के विकास के लिए एनडीए सरकार बनाने की अपील की।
0 Response to "बिहार एनडीए का विधानसभा क्षेत्र संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन का दूसरा चरण शुरू, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी फारबिसगंज पहुंचे"
एक टिप्पणी भेजें