
जैव विविधता संरक्षण हेतु राज्य के विरासत वृक्षों के चयन हेतु जिलाधिकारी एवं वन प्रमंडल पदाधिकारियों को दिए गये दिशानिर्देश
*बिहार राज्य जैव विविधता पर्षद द्वारा अब तक 100 वर्ष से अधिक आयु वाले 28 विरासत वृक्ष हुई पहचान, सबसे प्राचीन बरगद की उम्र 500 वर्ष*
पटना: बिहार में जैव विविधता संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिहार राज्य जैव विविधता पर्षद के द्वारा विरासत वृक्षों के चयन के लिए पर्षद द्वारा एक दिशानिर्देश तैयार किया गया है, जिसे सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं वन प्रमंडल पदाधिकारियों को भेजा गया है। इन दिशानिर्देशों में वृक्षों की चयन प्रक्रिया के लिए कई मानक तय किए गए हैं—जैसे कि वृक्ष की आयु (तीन पीढ़ियों से अधिक), उसका पौराणिक या ऐतिहासिक महत्व, विलक्षण विशेषता, संकटग्रस्त प्रजाति होना, अथवा वैज्ञानिक व शोध दृष्टिकोण से उसका महत्व।
विदित हो कि बिहार राज्य जैव विविधता पर्षद द्वारा अब तक 100 वर्ष से अधिक आयु के 28 विरासत वृक्षों की पहचान की गयी है। ये वृक्ष राज्य के पाँच जिलों—बक्सर, औरंगाबाद, मुंगेर, जमुई और भागलपुर—से चयनित किए गए हैं। चयनित कुल 32 वृक्षों में से 28 वृक्ष 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं, जबकि शेष 4 वृक्षों की आयु 70 से 90 वर्ष के बीच आंकी गई है। अब तक चयनित 32 वृक्षों में सबसे पुराना वृक्ष औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड के दक्षिणी उमगा पंचायत में स्थित है, जिसकी आयु लगभग 500 वर्ष आंकी गई है। यह वृक्ष बरगद प्रजाति का है और जैविक विरासत के रूप में अपनी अनूठी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। चयनित वृक्षों की सूची में बरगद की सर्वाधिक संख्या—12 वृक्ष—है, इसके अलावा पीपल (6), पाकड़ (3), महुआ (2), नीम (2), सेमल (2), खिरनी (1), गुलर (1), इमली (1), कल्पवृक्ष (1) और कनक चम्पा (1) भी शामिल हैं।
वहीं, पर्षद के अनुसार पहले चरण में राज्य भर से लगभग 1500 वृक्षों को चिन्हित किया गया था, जिनका भौतिक सत्यापन करने के बाद 32 वृक्षों को अंतिम रूप से "जैव विविधता विरासत वृक्ष" घोषित करने हेतु चयनित किया गया। इन विरासत वृक्षों की घोषणा और संरक्षण से न केवल पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए जैव विविधता की अमूल्य धरोहर भी संरक्षित रहेगी।
0 Response to "जैव विविधता संरक्षण हेतु राज्य के विरासत वृक्षों के चयन हेतु जिलाधिकारी एवं वन प्रमंडल पदाधिकारियों को दिए गये दिशानिर्देश"
एक टिप्पणी भेजें