
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल पहुंचे रोहतास, विजन वर्ल्ड स्कूल के वार्षिकोत्सव में हुए शामिल
*शिक्षकों को बच्चों में 'राष्ट्र प्रथम' की भावना भी जागृत करनी चाहिए: डॉ. दिलीप जायसवाल*
*भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने जिला कार्यालय में जिला पदाधिकारियों के साथ की बैठक, कहा - जनसेवा, राष्ट्रसेवा सर्वोपरि*
*बिहार में एनडीए सरकार सबके उत्थान और जन-जन के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही: डॉ. दिलीप जायसवाल*
पटना, 10 मई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल आज रोहतास पहुंचे, जहां पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। रोहतास प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल जिला कार्यालय पहुंचकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें तैयार रहने का मंत्र दिया। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल बिक्रमगंज के विजन वर्ल्ड स्कूल के वार्षिकोत्सव में पहुंचे और छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।
विजन वर्ल्ड स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह में आए लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने शिक्षकों से बच्चों में राष्ट्र प्रथम की भावना जागृत करने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा केवल अच्छे अंकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे नैतिक मूल्यों और जीवन निर्माण से जोड़ा जाना चाहिए। ऐसा जीवन जो देश के लिए उपयोगी हो, समाज के लिए प्रेरणादायी हो। जब हम शिक्षा को राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ेंगे तभी एक विकसित भारत की नींव रखी जा सकेगी, जहां हर नागरिक सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर हो।
उन्होंने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए विश्वास जताया कि शिक्षा को संस्कार, राष्ट्रीयता और भारत की परंपराओं के साथ अगर जोड़ा जाए तो भारतीय संस्कृति को मजबूती प्रदान किया जा सकेगा। उन्होंने इसके लिए सामूहिक रूप से आगे बढ़ने की अपील की। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने बच्चों को पुरस्कृत कर उत्साहित किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल भाजपा जिला कार्यालय भी पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने जिला पदाधिकारियों और उपस्थित कार्यकर्ताओं से इस साल होने वाले चुनाव के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारे लिए जनसेवा और राष्ट्र सेवा सर्वोपरि है।
बिहार में वर्तमान एनडीए सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार में एनडीए सरकार सबके उत्थान और जन-जन के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है। एनडीए सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दूर-सुदूर क्षेत्रों तक पहुंच रहा है जिससे बिहारवासियों का जीवन स्तर निरंतर बेहतर हो रहा है। उन्होंने बिहार को विकसित बनाने के लिए एनडीए सरकार की जरूरत बताई।
इससे पहले विक्रमगंज जाने के क्रम में कोइलवर पुल पर जिलाध्यक्ष दुर्गा राज के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया। इसके उपरांत आरा जीरो माइल पर राम दिनेश यादव के नेतृत्व में तथा आरा के धोबीघाट मोड़ पर स्थानीय कार्यकर्ताओं के द्वारा भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया गया। भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
0 Response to "भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल पहुंचे रोहतास, विजन वर्ल्ड स्कूल के वार्षिकोत्सव में हुए शामिल"
एक टिप्पणी भेजें