
असामयिक वर्षापात, ओलावृष्टि एवं आँधी तुफान के कारण फसलों की क्षति के लिए राशि की मांग
आपदा की घड़ी में सरकार किसानों के साथ
दिनांक 29.04.2025
माननीय उप मुख्यमंत्री-सह-कृषि मंत्री, श्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि हाल के दिनों में प्रदेश के विभिन्न भागों में आयी आँधी, असामयिक वर्षापात एवं ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को क्षति पहुँची है। आँधी, ओलावृष्टि एवं वर्षापात से मक्का, गेहूँ, गर्मा मूंग, उड़द, तिल, मुंगफली, पान, अरहर, सब्जी, केला, प्याज समेत कई उद्यानिक फसलों की क्षति हुई है।
रबी/गरमा 2024-25 मौसम में दिनांक 09.04.2025, 10.04.2025 एवं 14.04.2025 को राज्य में आँधी, ओलावृष्टि एवं असामयिक वर्षापात से राज्य में फसलों की क्षति की सूचना प्राप्त हुई। कृषि विभाग, बिहार, पटना द्वारा सभी जिला पदाधिकारियों से फसल क्षति का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
इसके आलोक में जिला पदाधिकारी, सुपौल, नालन्दा, समस्तीपुर, गया, मधुबनी, नवादा, मधेपुरा एवं बेगूसराय द्वारा कुल 4908.53 हे० में 33% से अधिक फसल क्षति प्रतिवेदित किया गया है जिसकी आकलित राशि 8,39,57,775 (आठ करोड़ उनचालीस लाख संतावन हजार सात सौ पचहत्तर) रू० है। आपदा प्रबंधन विभाग से उक्त राशि की माँग की गई। राशि प्राप्त होने पर प्रभावित किसानों को डी० बी० टी० के माध्यम से कृषि इनपुट अनुदान योजना के अन्तर्गत फसल क्षति की पूर्ति की कार्रवाई प्रारम्भ कर दी जाएगी।
माननीय उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में राज्य की सरकार किसानों को हर संभव सहायता पहुँचायेगी।
उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं और आपदा की घड़ी में सरकार उनके साथ पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। राज्य सरकार प्रभावित किसानों को पर्याप्त राहत पहुँचाने के लिए कटिबद्ध है। सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनके नुकसान का उचित मुआवजा प्राप्त हो।
0 Response to "असामयिक वर्षापात, ओलावृष्टि एवं आँधी तुफान के कारण फसलों की क्षति के लिए राशि की मांग"
एक टिप्पणी भेजें