सीएम नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में एनडीए ने दिखाई ताकत, वक्ताओं ने कहा '2025 से 2030, फिर से नीतीश'
*कार्यकर्ताओं की ताकत एनडीए का असली बल: राजेश वर्मा*
*बिहार के लोगों ने तय कर लिया है कि राजद का शासनकाल कभी नहीं चाहिए: राजेश वर्मा*
*243 सीटों पर जीत के लक्ष्य को भेदने के लिए कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं: सिद्धार्थ शंभु*
*प्राचीन काल से नालंदा की धरती आध्यात्मिक, ज्ञान और धरोहर की धरती के रूप में विख्यात रही: सिद्धार्थ शंभु*
*भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभु का विश्वास, 'बिहार की जनता फिर 'सुशासन' को चुनेगी'*
*आज बिहार को बेटियां ऊंचे ओहदों पर बजा रही कामयाबी का डंका: उमेश सिंह कुशवाहा*
*नीतीश ने बिहार को दिखाया विकास का रास्ता: राजू तिवारी*
*एनडीए सरकार में युवाओं को मिल रही नौकरी व रोजगार: अनिल सिंह*
*नीतीश सरकार ने नालंदा के इतिहास को पुनर्जीवित किया: मदन चौधरी*
पटना, 16 फरवरी। एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का कारवां आज चौथे चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा पहुंचा। नालंदा के इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे और एनडीए ने अपनी ताकत का एहसास कराया। इस मौके पर कई घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए प्रदेश की 243 सीटों में से 225 सीटों पर जीत दर्ज कराने का संकल्प दिलाया। इस दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं को सभी वक्ताओं ने '2025 से 2030, फिर से नीतीश' का उद्घोष किया।
इस एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन भाजपा के महामंत्री राजेश वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभु के अलावा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से किया और सभी ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दिया।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की ताकत ही एनडीए का असली बल है। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि हमारी एकजुटता बूथस्तर तक बनी रही तो दूसरा ऐसा कोई कारण नहीं कि फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ फिर से एनडीए की सरकार नहीं बने।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विपक्ष अब हतोत्साहित हो चुका है। उन्होंने कहा कि एनडीए का लक्ष्य प्रदेश और देश को विकसित बनाना है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह एनडीए को समर्थन मिल रहा है उससे स्पष्ट है कि बिहार के लोगों ने तय कर लिया है कि यहां के लोगों को अब राजद का शासनकाल नहीं चाहिए। अब लोग कभी भी उस जंगलराज को नहीं चाहते। आज यहां के लोग लालटेन को भूलकर बिजली का आनंद ले रहे हैं।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभु ने कहा कि हम देश की एकता और संस्कृति के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि ये कार्यकर्ता जिस तरह से उत्साहित और मानसिक तौर पर दृढ़ दिखाई दे रहे हैं, उससे साफ है कि 243 सीटों पर जीत के लक्ष्य को भेदने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभु ने कहा कि कल तक हम विकास के नाम पर अपनी संस्कृति और विरासत को भूल रहे थे लेकिन आज हम न केवल अपनी विरासत को संजो रहे हैं बल्कि विकास की दिशा में आगे भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने नालंदा की धरती को नमन करते हुए कहा कि प्राचीन काल से नालंदा की धरती आध्यात्मिक, ज्ञान और धरोहर की धरती के रूप में विख्यात रही है। सबसे बड़ी बात है कि यह धरती कई धर्मों के लिए तीर्थस्थल है। यहां एनडीए सरकार में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, जिससे स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिल रहा है।
उन्होंने राजद अध्यक्ष लालू यादव के बिना नाम लिए हुए उनके परिवारवाद को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की बात कर कुछ लोग सत्ता में जरूर आते रहे लेकिन वे आज तक अपने परिवार से बाहर नहीं निकल पाए। अब स्थिति यह है कि वे खुद तो पार्टी में कोई निर्णय लेने की स्थिति में नहीं हैं फिर भी बेटे को मुख्यमंत्री बनाने के लिए बेचैन हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने कई बार विकास और सुशासन को चुना है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। 2025 में एक बार फिर यहां के लोग सुशासन पर मुहर लगाएंगे।
सम्मेलन में आए एनडीए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के अंदर हुए विकास की चर्चा आज देश में हो रही है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। बेटियां घर की देहरी से निकलकर ऊंचे ओहदे संभाल रही हैं और अपनी कामयाबी का डंका बजा रही हैं। यही नहीं, आज किसान महिलाएं खेती के लिए ड्रोन का उपयोग कर रही हैं। आज महिलाएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं और आगे बढ़ रही हैं।
ग्रामीण इलाकों में जीविका दीदियाँ आत्मनिर्भरता का पाठ पुरुषों को पढ़ा रही हैं, सही अर्थ में यह बदलते बिहार की तस्वीर है।
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि नालंदा से ही मगध साम्राज्य के रूप में अखंड भारत का निर्माण हुआ था। नालंदा के लाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए कार्य अतुलनीय हैं। उन्होंने बिहार में विकास को नई पहचान दी है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर देने की अपील की।
हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता चुनाव को लेकर तैयार हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में आज युवाओं को रोजगार और नौकरी मिल रही है। उन्होंने कहा कि आज कौशल विकास के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। राजद के शासनकाल में यहां चरवाहा विद्यालय खोला जा रहा था, लेकिन आज मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज खुल रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अगले चुनाव में फिर से एनडीए की सरकार बिहार में बनेगी।
रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने दावा करते हुए कहा कि नीतीश सरकार ने नालंदा के इतिहास को पुनर्जीवित किया। नालंदा के इतिहास को एक तरीके से भूला दिया गया था। आज इसका इतिहास नालंदा विश्वविद्यालय को पुनर्जीवित किया गया है जहाँ विभिन्न देशों के छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
0 Response to "सीएम नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में एनडीए ने दिखाई ताकत, वक्ताओं ने कहा '2025 से 2030, फिर से नीतीश'"
एक टिप्पणी भेजें