विकसित बिहार के निर्माण में नदी जल के बेहतर प्रबंधन और सिंचाई की होगी महत्वपूर्ण भूमिका
*2047 तक विकसित बिहार के निर्माण के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के साथ बने योजना
*पटना, 16 दिसंबर 2024*
‘बिहार को वर्ष 2047 तक विकसित प्रदेश बनाने में नदी जल के बेहतर प्रबंधन और सिंचाई सुविधा के विस्तार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। बिहार सरकार का जल संसाधन विभाग वृहत एवं मध्यम सिंचाई परियोजनाओं के जरिये करीब 38 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा पहुंचा रहा है। विभाग का लक्ष्य वर्ष 2047 तक प्रदेश के 53.53 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई पहुंचाना है।‘ यह बात सिंचाई सृजन, जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख श्री नंद कुमार झा ने सोमवार को पटना के एक होटल में ‘विकसित बिहार 2047’ के लिए कार्ययोजना के निर्माण के उद्देश्य से आयोजित अंतर विभागीय परामर्श के दौरान कही। कार्यक्रम का आयोजन बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) की ओर से किया गया था, जिसमें संस्थान के महानिदेशक केके पाठक भी मौजूद थे।
श्री नंद कुमार झा ने वर्ष 2047 तक विकसित बिहार के निर्माण के लिए राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के बीच अंतर विभागीय समन्वय के साथ योजना के निर्माण पर जोर दिया। साथ ही कहा कि विकसित बिहार के लक्ष्य के साथ बनने वाली कार्ययोजना का विस्तृत मूल्यांकन वर्ष 2030, 2035 और 2040 में भी हो, ताकि समय रहते उसमें आवश्यक सुधार किया जा सके।
0 Response to "विकसित बिहार के निर्माण में नदी जल के बेहतर प्रबंधन और सिंचाई की होगी महत्वपूर्ण भूमिका"
एक टिप्पणी भेजें