कला संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने किया फिल्म ‘फाइल नंबर-317’ के पोस्टर का अनावरण
सिटीजन केयर फिल्म्स ने बिहार में रखा कदम, प्रदेश की कला-संस्कृति और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने का संकल्प
पटना : बिहार की कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और यहां की प्रतिभाओं को फिल्म के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में सिटीजन केयर फिल्म्स ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। आशियाना-दीघा रोड स्थित सिटीजन केयर ग्रुप टावर में सिटीजन केयर फिल्म्स के बिहार राज्य कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर फिल्म ‘फाइल नंबर-317’ के पोस्टर का भव्य अनावरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, विशिष्ट अतिथि बिहार भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बीरेंद्र कुमार चंद्रवंशी, आईआईटी खड़गपुर के एआई एक्सपर्ट अवकाश कुमार मौजूद रहे।
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने फिल्म के पोस्टर का अनावरण करते हुए सिटीजन केयर फिल्म्स की पहल की सराहना की और कहा कि बिहार में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। राज्य की ऐतिहासिक विरासत, लोक कला, संस्कृति और प्राकृतिक स्थलों को फिल्मों के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सिटीजन केयर फिल्म्स द्वारा बिहार में कार्यालय शुरू करना और ‘फाइल नंबर-317’ जैसी फिल्म के माध्यम से नई पहल करना स्वागत योग्य है। सरकार राज्य में फिल्म निर्माण के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने और स्थानीय कलाकारों एवं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर सिटीजन केयर ग्रुप के संस्थापक चंदन कुमार ने कहा कि बिहार में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही मंच और अवसर देने की।
सिटीजन केयर ग्रुप का प्रयास केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में भी काम करना है। सिटीजन केयर फिल्म्स के माध्यम से हमारा प्रयास होगा कि बिहार की कहानियां, कलाकार और हमारी समृद्ध संस्कृति देश-दुनिया के बड़े मंच तक पहुंचें।
वहीं सिटीजन केयर फिल्म्स के निदेशक कुमार अभिषेक ने कहा कि फाइल नंबर-317’ हमारे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। सिटीजन केयर फिल्म्स का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण सिनेमा के साथ-साथ बिहार के कलाकारों, तकनीशियनों और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। आने वाले समय में बिहार की पृष्ठभूमि और यहां की कहानियों पर आधारित फिल्मों के निर्माण को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान बिहार के फिल्म जगत, कला एवं संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। आयोजकों ने कहा कि सिटीजन केयर फिल्म्स आने वाले समय में बिहार में फिल्म निर्माण की गतिविधियों को बढ़ावा देने, स्थानीय कलाकारों को अवसर देने तथा राज्य की सांस्कृतिक विरासत को सिनेमा के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करेगी। ‘फाइल नंबर-317’ के पोस्टर अनावरण के साथ ही बिहार में सिटीजन केयर फिल्म्स की आधिकारिक शुरुआत को फिल्म एवं कला जगत में एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है।
0 Response to "कला संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने किया फिल्म ‘फाइल नंबर-317’ के पोस्टर का अनावरण"
एक टिप्पणी भेजें