पटना विश्वविद्यालय में LLB प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक, PG में फीस वृद्धि एवं मगध महिला कॉलेज की छात्रा के लापता होने के मामले पर AISF ने जताया आक्रोश
पटना। पटना विश्वविद्यालय में LLB प्रवेश परीक्षा की हुई पेपर लीक, विश्वविद्यालय में PG पाठ्यक्रमों की फीस में हुई दोगुनी वृद्धि तथा मगध महिला कॉलेज की एक छात्रा के लापता होने के मामले को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। AISF ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने तथा छात्रों के हित में तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
AISF पटना विश्वविद्यालय के छात्र नेता बिट्टू भारद्वाज ने कहा कि “पटना विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक होना बेहद शर्मनाक है। इससे हजारों छात्रों के भविष्य और परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं। पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों को चिन्हित करते हुए कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए तथा प्रभावित छात्रों के हित में परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाना चाहिए।”
वहीं AISF पटना जिला सचिव मीर सैफ अली ने कहा कि “एक ओर विश्वविद्यालय लगातार फीस बढ़ाकर छात्रों पर आर्थिक बोझ डाल रहा है और दूसरी ओर परीक्षा व्यवस्था में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं। शिक्षा को महंगा और परीक्षा व्यवस्था को अविश्वसनीय बनाने की कोशिश किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही मगध महिला कॉलेज की छात्रा के लापता होने के मामले में भी प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करते हुए छात्रा की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करनी चाहिए।”
AISF ने मांग की है कि—
LLB प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रभावित छात्रों के हित में परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और आवश्यकता होने पर परीक्षा दोबारा आयोजित की जाए।
PG में बढ़ाई गई फीस को तत्काल वापस लिया जाए।
मगध महिला कॉलेज की लापता छात्रा को सुरक्षित बरामद करने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कार्रवाई करे।
विश्वविद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा, शिक्षा और अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
AISF ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रों की इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो AISF व्यापक छात्र आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों की होगी।
0 Response to "पटना विश्वविद्यालय में LLB प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक, PG में फीस वृद्धि एवं मगध महिला कॉलेज की छात्रा के लापता होने के मामले पर AISF ने जताया आक्रोश"
एक टिप्पणी भेजें