मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा मेगा जॉब फेयर में चयनित अभ्यर्थियों को दिया गया नियुक्ति पत्र
*रोजगार और समृद्धि का रास्ता खोलने के लिए पटना में बनायेंगे वर्ल्ड ट्रेड सेंटर : सम्राट चौधरी*
*मेगा जॉब फेयर में 20 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार, अब हर जिले में लगेगा नियोजन मेला : मुख्यमंत्री*
*युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग के सचिव कौशल किशोर ने मुख्यमंत्री के समक्ष पेश किया जॉब फेयर का रिपोर्ट कार्ड, कहा - 20 हजार से अधिक युवाओं को मिला रोजगार*
पटना। ज्ञान भवन, पटना में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग तथा बिहार कौशल विकास मिशन की ओर से आयोजित पांच दिवसीय मेगा जॉब फेयर-2026 का रविवार को समापन हो गया। बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस (बीएफएसआई), रिटेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इस रोजगार मेले के माध्यम से करीब 20,226 युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार मिला। नियुक्ति पत्र वितरण एवं समापन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिन्होंने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि 20 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना गर्व की बात है। वहीं इस मौके पर विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री, बिहार श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, उपमुख्यमंत्री, बिहार एवं माननीय मंत्री, युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग-सह- श्रम संसाधन एवम प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, श्री अरुण शंकर प्रसाद के साथ श्री प्रत्यय अमृत , मुख्य सचिव, बिहार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास के सचिव, श्री कौशल किशोर, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के विशेष सचिव श्री नवदीप शुक्ला और बैकिंग, फाईनेंसियल सेवा, जीवन बीमा, रिटेल एवं अन्य संबद्ध क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान के प्रतिनिधिगण बिहार कौशल विकास मिशन के सभी पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक राज्य और प्रमंडल स्तर पर नियोजन मेले आयोजित किए जाते रहे हैं, लेकिन सरकार ने अगले वर्ष से बिहार के सभी जिलों में नियोजन मेले आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य युवाओं को उनके अपने जिले में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि केवल रोजगार की तलाश में उन्हें दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े। उन्होंने कहा कि 19 से 23 अगस्त के दौरान हजारों युवाओं को रोजगार मिला है और बिहार में निवेश एवं उद्योग लगाने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी चर्चा हुई है। इससे आने वाले समय में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार के लोग बिहार में रहकर अपने सपनों को साकार करें। हालांकि बेहतर अवसर के लिए देश-दुनिया में जाने वाले युवाओं का भी स्वागत है, लेकिन मजदूरी और जीवन-यापन के लिए मजबूरी में पलायन करने वालों के लिए राज्य में ही रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने वर्ष 2020 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक करीब साढ़े 11 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और लगभग 51 लाख लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद लंबी विकास यात्रा तय की है और अब सरकार रोजगार तथा निवेश का मजबूत वातावरण तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में पटना में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थापित करने की पहल की जा रही है, जिससे व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने विश्व कौशल प्रतियोगिता 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने जाने वाले बिहार के युवाओं को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, कौशल और रोजगार से जोड़ने की है। उन्होंने रोजगार मेले में शामिल युवाओं और कंपनियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि युवाओं को अवसर देकर कंपनियां उनके भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बिहार का युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और कौशल के बल पर राज्य के विकास की नई कहानी लिखेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ बिहार को समृद्ध एवं विकसित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सचिव श्री कौशल किशोर ने मेगा जॉब फेयर-2026 का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए बताया कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत वर्ष 2025 से 2030 के बीच एक करोड़ नौकरी एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के संकल्प की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय मेले में अब तक 20,226 युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। इनमें 3,940 अभ्यर्थियों को बिहार में ही रोजगार मिला, जबकि 476 युवाओं का विदेशों में रोजगार के लिए चयन हुआ है। दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था के तहत 36 दिव्यांग अभ्यर्थियों का भी चयन किया गया। मेले में 115 से अधिक नियोक्ताओं ने भाग लिया और 15 हजार से 60 हजार रुपये प्रतिमाह तक के रोजगार अवसर उपलब्ध कराए गए। उन्होंने बताया कि एक युवक का चयन रैंडस्टैड कंपनी ने 9.62 लाख रुपये वार्षिक वेतन पर किया है।
सचिव श्री कौशल किशोर ने कहा कि रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं की शिक्षा, कौशल और अनुभव के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण रोजगार उपलब्ध कराना है। विदेश जाने वाले युवाओं के लिए जिला नियोजन कार्यालयों में प्री-डिपार्चर ओरिएंटेशन ट्रेनिंग केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की अनुमति के बाद अब बिहार के शेष 33 जिलों में भी यह सुविधा शुरू की जा रही है। इन केंद्रों पर युवाओं को संबंधित देश की भाषा, संस्कृति, अधिकार और आवश्यक जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों तथा मानसिक बीमारी से स्वस्थ हो चुके व्यक्तियों के पुनर्वास, प्रशिक्षण और कौशल विकास के लिए भोजपुर के कोइलवर स्थित बिहार इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड अलाइड साइंसेज में कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। साथ ही दिव्यांगजनों और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए भी कौशल विकास कार्यक्रम शुरू होंगे। सचिव ने युवाओं से अपील की कि रोजगार के लिए देश-विदेश में जहां भी जाएं, वे बिहार के ब्रांड एंबेसडर के रूप में अपनी मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी से राज्य का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम के दौरान मेगा जॉब फेयर 2026 से संबंधित लघु फिल्म का प्रदर्शन माननीय मुख्यमंत्री के समक्ष किया गया साथ ही उनके द्वारा कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। इससे पहले अरवल के पुरुषोत्तम कुमार गुप्ता, गया जी के मो. अजहर अली अंसारी, मुंगेर की प्रीति भारती को क्रमशः दुबई, बोकारो और दिल्ली में चयन होने पर नियुक्ति पत्र दिया गया है। वहीं मेगा जॉब फेयर 2026 में अधिक जाॅब प्रोवाइड करने वाली कंपनी मास्कर प्रेसिजन प्राइवेट लिमिटेड, विकाश ग्रुप और टीसीई एक्सप्रेस लिमिटेड के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। वहीं, मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के तहत सबसे अधिक इंटर्नशिप कराने वाली टॉप 3 कंपनी टाटा इलेक्ट्रॉनिक प्राइवेट लिमिटेड, हीरो मोटर कॉर्प लिमिटेड और मौर्यन कार्स सर्विस एल.एल. पी को भी माननीय मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा इंडिया स्किल्स के गोल्ड मेडलिस्ट मौसम कुमार गिरी (पश्चिमी चंपारण)और मो दिलखुश (कटिहार) के परिजनों को प्रोत्साहन स्वरूप एक - एक लाख एवं ब्रांज मेडलिस्ट आशीष राजवंश (दानापुर, पटना) के परिजनों को 50 हजार का चेक प्रदान किया गया।
0 Response to "मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा मेगा जॉब फेयर में चयनित अभ्यर्थियों को दिया गया नियुक्ति पत्र"
एक टिप्पणी भेजें